दिल्ली के स्कूलों को फिर बम की धमकी, पुलिस और दमकल विभाग अलर्ट मोड पर

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें। फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं, लेकिन राजधानी के स्कूलों की सुरक्षा को लेकर चिंता जरूर बढ़ गई है।

दिल्ली के स्कूलों को फिर बम की धमकी
दिल्ली के स्कूलों को फिर बम की धमकी

नई दिल्ली:दिल्ली के स्कूलों में एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। सोमवार सुबह राजधानी के कई नामी स्कूलों को ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। इस बार आर्मी पब्लिक स्कूल दिल्ली कैंट, सलवान पब्लिक स्कूल और मीरा पब्लिक स्कूल जनकपुरी को निशाना बनाया गया है।

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 8 बजे स्कूल प्रशासन ने धमकी भरे ईमेल देखे और तुरंत दिल्ली पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। अलर्ट मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और स्निफर डॉग टीम स्कूल परिसरों में पहुंच गई। सुरक्षा के लिहाज से स्कूलों के आसपास के इलाके को सील कर दिया गया और बच्चों व स्टाफ को सुरक्षित स्थानों पर रखा गया।

दमकल विभाग की टीम ने भी स्कूल की इमारतों की बारीकी से जांच की। हर क्लासरूम, कॉरिडोर और खुले मैदान को खंगाला गया ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु को समय रहते पकड़ा जा सके। राहत की बात यह रही कि शुरुआती जांच में अब तक कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह धमकी भरा ईमेल किसने और कहां से भेजा। साइबर सेल ईमेल की ट्रेसिंग कर रही है ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की धमकियों को हल्के में नहीं लिया जा सकता और हर सूचना पर पूरी गंभीरता से जांच की जा रही है।

यह पहली बार नहीं है जब दिल्ली के स्कूलों को इस तरह की धमकी मिली हो। पिछले हफ्ते भी धौला कुआं स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल और लोधी रोड के एयर फोर्स बाल भारती स्कूल को बम की धमकी मिली थी। उस समय भी जांच के बाद कुछ नहीं मिला था, लेकिन बच्चों और अभिभावकों में डर का माहौल बन गया था।

इतना ही नहीं, इससे पहले दिल्ली सचिवालय, विधानसभा और लाल किले को भी धमकी मिल चुकी है। लगातार मिल रही ऐसी सूचनाओं से सुरक्षा एजेंसियां और ज्यादा सतर्क हो गई हैं।