
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक का मुख्य विषय ‘विकसित भारत @2047 के लिए समावेशी मानव विकास’ रखा गया है। इस दौरान केंद्र और राज्यों के बीच विकास संबंधी प्राथमिकताओं, रोजगार सृजन, कौशल विकास और सामाजिक क्षेत्रों में सुधारों पर व्यापक चर्चा होने की उम्मीद है।
राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित होने वाली इस बैठक में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल, केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नीति-निर्माता हिस्सा लेंगे। नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल को केंद्र और राज्यों के बीच सहयोगात्मक संघवाद (Cooperative Federalism) को मजबूत करने का सबसे बड़ा मंच माना जाता है।
बैठक में रोजगार के अवसर बढ़ाने, शिक्षा और उद्योग के बीच कौशल अंतर को कम करने, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और मानव विकास सूचकांकों में सुधार जैसे मुद्दों पर विशेष जोर रहेगा। सरकार का लक्ष्य इन प्रयासों को ‘विकसित भारत 2047’ के दीर्घकालिक विजन से जोड़ना है।
सूत्रों के अनुसार, विभिन्न राज्य अपने-अपने विकास मॉडल और क्षेत्रीय प्राथमिकताओं को भी बैठक में रखेंगे। इसके अलावा केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, प्रशासनिक सुधार और विकास परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा होने की संभावना है।
यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। नीति आयोग की यह बैठक आगामी वर्षों के लिए विकास की रणनीति तय करने और राज्यों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
