गैस संकट के बीच सरकार का बड़ा फैसला, कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई में मिलेगा 20% कोटा

सरकार ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई में 20 प्रतिशत कोटा देने का निर्णय लिया है। इस फैसले का मकसद होटल और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री को राहत देना है क्योंकि गैस की कमी के कारण कई जगहों पर कारोबार प्रभावित होने लगा था। कुछ रेस्टोरेंट तो ऐसे भी हैं जिन्हें गैस की कमी के कारण अपना काम सीमित करना पड़ा या मेन्यू तक बदलना पड़ा।

कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई में 20 प्रतिशत का कोटा
कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई में 20 प्रतिशत का कोटा

नई दिल्ली: ईरान और इजरायल के बीच जारी युद्ध का असर अब भारत में गैस सप्लाई पर भी दिखाई देने लगा है। देश के कई हिस्सों में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा चलाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच केंद्र सरकार ने स्थिति को देखते हुए एक अहम फैसला लिया है।

बताया जा रहा है कि इस मुद्दे को लेकर पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी और पेट्रोलियम मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच बैठक हुई थी। बैठक में कमर्शियल एलपीजी की मौजूदा स्थिति और इससे होटल, रेस्टोरेंट और पर्यटन सेक्टर पर पड़ रहे असर पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद सरकार ने यह फैसला लिया कि कमर्शियल उपभोक्ताओं को उनकी कुल मांग का करीब 20 प्रतिशत सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।

सूत्रों के मुताबिक यह सुविधा केवल रजिस्टर्ड कमर्शियल गैस कनेक्शन रखने वाले उपभोक्ताओं को मिलेगी। किस इलाके में किस सेक्टर को कितनी सप्लाई दी जाएगी, इसका फैसला तेल कंपनियों के अधिकारी और राज्य सरकार मिलकर करेंगे। माना जा रहा है कि इससे होटल और रेस्टोरेंट कारोबार को कुछ राहत मिल सकती है।

इससे पहले नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने भी सरकार से गैस सप्लाई को लेकर चिंता जताई थी। एसोसिएशन ने पेट्रोलियम मंत्री को पत्र लिखकर मांग की थी कि रेस्टोरेंट और होटल को रोजाना कम से कम एक या दो सिलेंडर की सप्लाई सुनिश्चित की जाए, ताकि उनका काम पूरी तरह बंद न हो।

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लोगों से अपील की है कि गैस को लेकर घबराकर पैनिक बुकिंग न करें। सरकार का कहना है कि देश में हर दिन करीब 50 लाख एलपीजी सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं और ऊर्जा आपूर्ति को बनाए रखने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।