श्रीलंका में इमरजेंसी एक और महीने के लिए बढ़ी

श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना ने शनिवार को देश में सुरक्षा की स्थिति के मद्देनजर पहले से लागू इमरजेंसी की अवधि को और एक महीने के लिए बढ़ा दिया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक राष्ट्रपति ने एक विशेष राज अधिसूचना पत्र पर हस्ताक्षर किए, जिसमें कहा गया था कि आपातकाल सार्वजनिक सुरक्षा, सार्वजनिक व्यवस्था के संरक्षण और समुदाय के जीवन के लिए आवश्यक आपूर्ति और सेवाओं के प्रबंधन के लिए प्रभावी है।
सिरीसेना ने दो महीने पहले देश में हुए भयंकर आतंकवादी हमले के एक दिन बाद २२ अप्रैल को आपातकाल लागू कर दिया था। याद रहे इस हमले में २५० से ज्यादा लोगों की जान चली गयी थी। आपातकाल को २२ मई को पहली बार एक महीने के लिए बढ़ा दिया गया था।
श्रीलंका में आतंकी हमले से जुड़े संदिग्धों को पकड़ने का काम अभी तक चल रहा है। वहां बड़ी संख्या में छापे मारे गए हैं। पुलिस के मुताबिक आतंकी हमलों के संबंध में अब तक १०० से ज्यादा संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। श्रीलंका में आतंकी हमले की घटना की दुनिया भर में निंदा की गयी थी।