श्रीलंका में आपातकाल ख़त्म, राजपक्षे सरकार के इस्तीफे की मांग होने लगी तेज

श्रीलंका में गंभीर आर्थिक संकट के बीच बुधवार को एक आश्चर्यजनक दृश्य देखने को  मिला जब राजधानी कोलंबो में जनता के विरोध प्रदर्शनों के दौरान श्रीलंका विशेष बल के सैनिकों को पुलिस ने रोक लिया। इस गंभीर घटना के बाद रक्षा प्रमुख को जांच के लिए बुलाना पड़ा। इस बीच  श्रीलंका में राजपक्षे सरकार विरोधी प्रदर्शन उग्र होने लगे  हैं। इस बीच राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने देश से आपातकाल हटाने की घोषणा की है। उधर 41 सांसदों के सत्तारूढ़ गठबंधन से बाहर होने के बाद संसद में राजपक्षे सरकार के बहुमत खोने की चर्चा है।

हाल के आर्थिक संकट के बाद लोगों में भड़के गुस्से के बीच नई चीज देखने को मिली है। राजधानी कोलंबो में संसद के पास हो रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान बाइक सवार हथियारबंद लोगों को पुलिस अधिकारियों से भिड़ते देखा गया। यह बाइक सवार श्रीलंका विशेष बल के सैनिक बताये गए हैं।

उधर श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने मंगलवार देर रात देश में लागू  आपातकाल हटाने की घोषणा कर दी। श्रीलंका में पहली अप्रैल को आपातकाल लागू किया गया था। सरकार खराब आर्थिक संकट के बीच जनता के विरोध प्रदर्शनों को रोकने में नाकाम साबित हुई है।

यही नहीं करीब 41 सांसदों के गठबंधन से बाहर होने की खबर है कि राजपक्षे सरकार ने संसद में बहुमत खो दिया है, जिसके बाद राष्ट्रपति राजपक्षे के इस्तीफे की मांग तेज हो गयी है। अभी यह पता नहीं है कि क्या विपक्षी गठबंधन राजपक्षे के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएगा या नहीं।