विपक्ष नागरिकता क़ानून पर लोगों को भड़का रहा : मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक रैली को संबोधित करते हुए अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के अभियान का आगाज कर दिया। रैली का आयोजन प्रदेश भाजपा ने राष्ट्रीय राजधानी की १७३४ अवैध कॉलोनियों को नियमित करने पर पीएम को धन्यवाद देने के लिए किया है।
इस मौके पर मोदी ने अपने भाषण में नागरिकता क़ानून का जिक्र किया। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से अपने स्थान पर खड़े होकर इसका समर्थन करने का आह्वान किया। मोदी ने कहा देश की संसद और सांसदों का समर्थन कीजिए। कहा कि कुछ दल भावनाओं को भड़का रहे हैं। मोदी ने कहा कि इस क़ानून का धर्म से कुछ लेना देना नहीं है।
मोदी ने कहा कि कहा कि विविधता में एकता ही इस देश की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने यह भी कहा कि इन कालोनियों को पक्का करने का काम लगभग पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने इन अवैध कालोनियों को नियमित करने के लिए कुछ नहीं किया। कहा कि ईमानदारी और नैतिकता पहले की सरकारों ने नहीं दिखाई। उलटे दिल्ली में पैसे वाले लोगों को व्यापार चलाने के लिए इन सरकारों ने अवैध बंगले दे दिए। ”जब मैंने इन कालोनियों को पक्का करने की कोशिश शुरू की तो रोड़े अटकाने की कोशिश की गयी। लेकिन मोदी जो ठान लेता है, वह करके ही चैन लेता है।”
मोदी ने कांग्रेस के साथ-साथ दिल्ली में आप सरकार को भी कई मुद्दों पर घेरा। उन्होंने कहा केंद्र की हर बड़ी विकास योजना में रोड़े अटकाने की कोशिश की। ”लेकिन हमारी सरकार जब कोइ फैसला कर लेती है तो जन लाभ के लिए उसे करने से पीछे नहीं हटती।” उन्होंने दिल्ली में गंदे पानी की सप्लाई पर भी आप सरकार को घेरने की कोशिश की और उपस्थित लोगों से पूछा कि क्या आपको साफ़ पानी मिलता है। इसपर लोगों ने कहा – नहीं।
इससे पहले दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने पीएम का राजधानी की अवैध कालोनियों को स्थाई करने के लिए आभारजतय और कहा कि आज की रैली में जो लोग भी आये हैं, वह सभी इन अवैध कालोनियों के निवासी हैं जो पीएम का ाअभार करना चाहते हैं। रैली में अच्छी भीड़ जुटने पर पीएम भी प्रसन्न दिखे।
इससे पहले केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने दावा किया कि विधानसभा चुनाव के बाद दिल्ली में भाजपा की पूर्ण बहुमत से सरकार बनने वाली है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में सवा महीने बाद चुनाव होने वाले हैं। ”मैं भविष्यवाणी करता हूं कि भाजपा की सरकार बहुमत से बनेगी।”
उन्होंने कहा कि इस चुनाव के दो विषय हैं। ”आपको विकास चाहिए या विनाश चाहिए। राष्ट्रवाद चाहिए या अराजकता चाहिए। जेएनयू (जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय) में जो देशद्रोही नारे लगे, ऐसे नारों का समर्थन करने वाला चाहिए या इसे खत्म करने वाला चाहिए। आपको राम मंदिर वाली सरकार चाहिए या इसका विरोध करने वाली सरकार चाहिए। इसका फैसला आपको करना है।”