बेलारूस के खिलाफ यूक्रेनी आक्रामकता को रूस के खिलाफ माना जाएगा: पुतिन

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शनिवार को कहा कि रूसी सेना के मोर्चे को तोड़ने के लिए हथियारों की आपूर्ति और विदेशी भाड़े के सैनिकों और सलाहकारों की मदद से कीव को कोई फायदा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि यूक्रेन अब तक के संघर्ष के नतीजों से निराश है। इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने शुक्रवार को यूनाइटेड किंगडम में अपने राजदूत वादिम प्रिस्टाइको को बर्खास्त कर दिया।

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि यह स्पष्ट है कि किव शासन के पश्चिमी समर्थक यूक्रेन की तरफ से लंबे समय से प्रतीक्षित जवाबी हमलों के नतीजों से स्पष्ट रूप से निराश हैं। रूस की सरकारी एजेंसी स्पुतनिक न्यूज की एक रिपोर्ट के मुताबिक पुतिन ने कहा कि इस दौरान यूक्रेनी सशस्त्र बलों की संरचनाओं को भारी नुकसान हुआ हैं।

पुतिन ने कहा कि पश्चिम में उत्पादन क्षमताएं कीव द्वारा उपकरणों की खपत की भरपाई करने में सक्षम नहीं हैं और उन्हें संसाधनों और समय की जरूरत है। स्पुतनिक न्यूज ने पुतिन के हवाले से कहा कि यूक्रेनी लोगों की राय धीरे-धीरे बदल रही है और  यूरोप की तरह ही शांत हो रही है।

स्पुतनिक न्यूज के मुताबिक पुतिन ने कहा कि पूर्वी यूरोपीय नेताओं की महत्वाकांक्षाओं का उपयोग करके युद्ध की आग को तीव्रता से भड़काया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन द्वारा बेलारूस के खिलाफ आक्रामकता दिखाने का मतलब रूस के खिलाफ आक्रामकता होगा।

पुतिन ने कहा कि कीव शासन हजारों विदेशी भाड़े के सैनिकों और सलाहकारों को भेजने के बावजूद अपना कोई लक्ष्य हासिल नहीं कर सका है। स्पुतनिक न्यूज के मुताबिक प[उठीं ने कहा कि न ही यूक्रेन को पश्चिम के विशाल संसाधनों, पश्चिमी हथियारों, टैंकों, तोपखाने, बख्तरबंद वाहनों, मिसाइलों की आपूर्ति से कोई फायदा हुआ है जिनको हमारी सेना के मोर्चे को तोड़ने के लिए सक्रिय रूप से उपयोग किया गया था।

यूक्रेनी राजदूत बर्खास्त
उधर सीएनएन की एक रिपोर्ट के मुताबिक यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने शुक्रवार को यूनाइटेड किंगडम में अपने राजदूत वादिम प्रिस्टाइको को बर्खास्त कर दिया। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, ज़ेलेंस्की ने ये कदम यूके के रक्षा सचिव को लेकर की गई वादिम की टिप्‍प‍णी के बाद उठाया है। यूक्रेनी राष्ट्रपति पद की वेबसाइट पर शुक्रवार को प्रकाशित एक बयान में वादिम प्रिस्टाइको की बर्खास्तगी की पुष्टि की गई, हालांकि, कोई कारण नहीं बताया गया है।

वादिम प्रिस्टाइको पूर्व उप प्रधानमंत्री भी रह चुके हैं। उनकी गिनती अनुभवी राजनयिकों में होती है। पिछले तीन साल से वादिम प्रिस्‍टाइको ने ब्रिटेन में राजदूत के रूप में पद संभाल रखा था।

सीएनएन के मुताबिक सरसल जे़लेंस्‍की को अपने ऊपर की गई वादिम की टिप्पणी रास नहीं आई। वादिम प्रिस्टाइको ने कुछ दिनों पहले सार्वजनिक रूप से जेलेंस्की की आलोचना की थी। तभी से आशंका जताई जा रही थी कि जेलेंस्की अब वादिम के खिलाफ कोई कदम उठाएंगे। जेलेंस्की के कार्यालय से जारी एक आदेश में कहा गया है कि वादिम प्रिस्टाइको को अंतर्राष्ट्रीय समुद्री संगठन में यूक्रेन के प्रतिनिधि के पद से भी हटा दिया गया है, लेकिन बर्खास्तगी का कोई कारण नहीं बताया गया है।