पंजाब में आप विधायक का इस्तीफा

केजरीवाल को एक पखबाड़े में खैरा के बाद दूसरा झटका

सुखपाल सिंह खैरा के इस्तीफा देने के बाद आम आदमी पार्टी को पंजाब में  एक और झटका लगा है। अब पार्टी के विधायक बलदेव सिंह ने आप को टाटा कह दिया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल को लोकसभा चुनाव से पहले तब बड़ा झटका लगा जब   पार्टी विधायक बलदेव सिंह ने इस्तीफा दे दिया। पंजाब के जैतो हलके से चुने गए बलदेव सिंह ने केजरीवाल को अपना इस्तीफा भेज दिया है।

केजरीवाल को भेजे अपने इस्तीफे में बलदेव सिंह ने कहा है कि आम आदमी पार्टी ने अपने मौलिक विचारों और सिद्धांतों को पूरी तरह छोड़ दिया है। ”मुझे  इसके चलते पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देना पड़ रहा है। मुझे पार्टी छोड़ने का अफ़सोस है।”

गौरतलब है कि कुछ रोज पहले पंजाब में आम आदमी पार्टी से निलंबित चल रहे विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने भी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। खैरा ने अपने इस्तीफे में कई आरोप लगाए थे।

पिछले विधानसभा चुनाव में आप पंजाब में सरकार बनाने का दावा कर रही थी लेकिन नतीजों में कांग्रेस को जबरदस्त बहुत मिला था। इसके बाद से ही आप की पंजाब इकाई में उठक-पठक चलती रही है। कयास लगाए जा रहे हैं कि अगले विधानसभा चुनाव तक पंजाब में आप पार्टी का अस्तित्व बचेगा भी या नहीं।