नीतीश का बड़ा इशारा, सम्राट चौधरी की बढ़ती भूमिका से बिहार की सियासत गरमाई

इस बयान को लोग सीधे तौर पर भविष्य की राजनीति से जोड़कर देख रहे हैं। कई राजनीतिक जानकार मानते हैं कि यह सिर्फ एक सामान्य बात नहीं, बल्कि आने वाले समय में जिम्मेदारियों के बंटवारे का संकेत हो सकता है। सवाल उठ रहा है कि क्या नीतीश कुमार अब धीरे-धीरे बड़ी जिम्मेदारियां सम्राट चौधरी को सौंपने की तैयारी में हैं?

क्या सम्राट चौधरी बिहार के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे?
क्या सम्राट चौधरी बिहार के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे?

नई दिल्ली: बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। Nitish Kumar के एक बयान ने सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। जमुई में अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान उन्होंने डिप्टी सीएम Samrat Choudhary के कंधे पर हाथ रखते हुए कहा— “अब यही सब काम करेंगे।” बस, इसी बयान के बाद से कयासों का दौर शुरू हो गया है।

दरअसल, यह पहली बार नहीं है जब नीतीश कुमार ने इस तरह का संकेत दिया हो। पिछले कुछ समय से वे अपनी यात्राओं के दौरान सम्राट चौधरी को लगातार आगे कर रहे हैं। मंच से लोगों से उनके समर्थन की अपील भी करते नजर आए हैं। इससे यह साफ हो रहा है कि पार्टी के भीतर उनकी भूमिका लगातार मजबूत हो रही है।

इधर, राज्यसभा चुनाव के बाद एक और चर्चा तेज हो गई है कि क्या नीतीश कुमार केंद्र की राजनीति में ज्यादा सक्रिय होंगे। ऐसे में बिहार की कमान किसे मिलेगी, यह सवाल और बड़ा हो गया है। इसी कड़ी में सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे माना जा रहा है।

हालांकि, अभी तक इस पर कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन जिस तरह के संकेत मिल रहे हैं, उससे इतना जरूर है कि आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।