यह 7 रात और 8 दिन का ऑल-इंक्लूसिव टूर पैकेज दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से शुरू होगा। इस यात्रा में भगवान बुद्ध के जीवन से जुड़े प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को शामिल किया गया है। यात्रियों को बोधगया, नालंदा-राजगीर, वाराणसी-सारनाथ, लुंबिनी, कुशीनगर और श्रावस्ती ले जाया जाएगा। इसके अलावा टूर के अंत में आगरा में ताजमहल का भ्रमण भी कराया जाएगा।
IRCTC की यह खास ट्रेन पूरी तरह से एसी डीलक्स टूरिस्ट ट्रेन होगी, जिसमें आधुनिक सुविधाओं से लैस नए एलएचबी कोच लगाए गए हैं। ट्रेन में एसी-1 और एसी-2 श्रेणी के कोच उपलब्ध होंगे, जिनमें यात्रियों के लिए आरामदायक केबिन और पर्याप्त जगह दी गई है। एसी-1 कोच में यात्रियों के लिए निजी लॉकर जैसी सुविधाएं भी होंगी, ताकि वे अपना सामान सुरक्षित रख सकें।

इस ट्रेन में दो खूबसूरत डाइनिंग कोच होंगे, जहां एक साथ बड़ी संख्या में यात्री भोजन कर सकेंगे। साथ ही एक पूरी तरह से सुसज्जित किचन कार भी होगी, जिसमें यात्रियों के लिए भारतीय और अंतरराष्ट्रीय व्यंजन तैयार किए जाएंगे। सफाई और स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखा गया है। ट्रेन में साफ-सुथरे टॉयलेट और शावर की व्यवस्था होगी।

इस टूर पैकेज में यात्रियों को रुकने के लिए अच्छे होटलों की सुविधा दी जाएगी, साथ ही खाने-पीने और स्थानीय भ्रमण की व्यवस्था भी पैकेज में शामिल रहेगी। यानी यात्रियों को अलग से किसी चीज की चिंता नहीं करनी होगी।
IRCTC ने यह विशेष छूट भारतीय नागरिकों के साथ-साथ एनआरआई, पीआईओ और ओसीआई यात्रियों के लिए भी लागू की है। छूट के बाद इस पैकेज की शुरुआती कीमत करीब 76,905 रुपये प्रति व्यक्ति (ट्विन शेयरिंग आधार पर) रखी गई है।
IRCTC का कहना है कि यह पैकेज उन लोगों के लिए शानदार मौका है जो कम खर्च में आरामदायक और सुरक्षित तरीके से बौद्ध तीर्थों की यात्रा करना चाहते हैं। इस पहल से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ देश और विदेश के पर्यटकों को भारत की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

इस टूर से जुड़ी ज्यादा जानकारी और बुकिंग के लिए IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट(https://www.irctcbuddhisttrain.com) पर जाकर विवरण देख सकते हैं। चाहें तो फोन या ईमेल (buddhisttrain@irctc.com) के जरिए भी संपर्क करके पूरी जानकारी ली जा सकती है।




