दिग्विजय सिंह ने भी लिया नामांकन पत्र, कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अभी कोई नामांकन नहीं

कांग्रेस के अध्यक्ष पद का चुनाव दिलचस्प होने की संभावना है। वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भी गुरुवार को पार्टी के चुनाव अधिकारी से नामांकन पत्र लिया है। वे शशि थरूर और पवन बंसल के बाद तीसरे नेता हैं जिन्होंने नामांकन पत्र लिया है। उधर ‘संकट’ में फंसे दिख रहे राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सोनिया गांधी से मिलने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं।

दिग्विजय सिंह ने दिल्ली में खुद ही बताया कि नामांकन पत्र लेने आए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह 17 अक्टूबर के चुनाव से पहले अपना नामांकन दाखिल करेंगे। उधर शशि थरूर और पवन बंसल में कौन नामांकन करेगा, अभी साफ़ नहीं है। यह भी हो सकता है कि एक नाम पर सहमति बन जाये।

इस बीच कल रात जयपुर से दिल्ली पहुंचे अशोक गहलोत ने गुरुवार को मीडिया वालों से बातचीत में सोनिया गांधी के नेतृत्व की सराहना की। गहलोत ने संकट (राजस्थान का) सुलझने की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी कांग्रेस की निर्विवाद नेता हैं और सभी कांग्रेस जनों की भी नेता हैं।

उधर मध्य प्रदेश के दो बार मुख्यमंत्री रहे दिग्विजय सिंह, जिन्हें हमेशा से गांधी परिवार का वफादार माना जाता रहा है, नके नामांकन पत्र लेने से लग रहा है कि गांधी परिवार उन्हें अध्यक्ष में आगे कर सकता है। हालांकि, सिंह ने पिछले कल कहा था कि उन्होंने चुनाव लड़ने के लिए किसी से चर्चा नहीं की है और न ही आलाकमान से कोई अनुमति मांगी है।

कल नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख है, लिहाजा लग रहा है कि आज शाम या कल हे तस्वीर साफ़ होगी। गहलोत को लेकर भी स्थिति अभी अस्पष्ट है। फिलहाल वे सोनिया गांधी से मिलने का इंतजार कर रहे हैं।