जंग का असर: पेट्रोल से लेकर ऑनलाइन खाना तक महंगा, बढ़ेगा महंगाई का बोझ?

सिर्फ पेट्रोल ही नहीं, इंडस्ट्रियल डीजल भी काफी महंगा हो गया है। Indian Oil Corporation ने इसके दाम में करीब 22 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है। इसका सीधा असर फैक्ट्रियों और उद्योगों पर पड़ेगा, क्योंकि उनके लिए उत्पादन लागत बढ़ जाएगी। जब फैक्ट्री का खर्च बढ़ेगा, तो इसका असर आम लोगों तक भी पहुंचेगा और सामान महंगा हो सकता है।

Naveen Bansal
Naveen Bansal

नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में चल रही जंग का असर अब भारत में आम लोगों की जेब पर साफ दिखने लगा है। सबसे पहले असर फ्यूल की कीमतों पर पड़ा है, जहां प्रीमियम पेट्रोल के दाम बढ़ा दिए गए हैं। सरकारी तेल कंपनियों ने इसकी कीमतों में करीब 2 से 2.5 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है, जिससे हाई-परफॉर्मेंस गाड़ियों वाले लोगों को झटका लगा है।

हालांकि राहत की बात यह है कि अभी सामान्य पेट्रोल और डीजल के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। लेकिन जिस तरह से हालात बन रहे हैं, उससे आगे चलकर आम ईंधन की कीमतें भी बढ़ सकती हैं।

इसी बीच ऑनलाइन खाना मंगवाना भी महंगा हो गया है। Zomato ने अपनी डिलीवरी फीस में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी का कहना है कि बढ़ती लॉजिस्टिक्स लागत और ईंधन की कीमतों की वजह से यह फैसला लेना पड़ा।

दरअसल, इस पूरे मामले की जड़ कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें हैं। इजरायल और ईरान के बीच तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल महंगा हो गया है। भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर तेल बाहर से मंगाता है, इसलिए वहां की हलचल का असर यहां जल्दी दिखता है।