सुपरस्टार रजनीकांत को मिला, 51वां दादा साहब फाल्के पुरस्कार

 

भारतीय सिनेमा में भारत के सर्वोच्च सम्मान दादा साहेब फाल्के पुरस्कार सुपरस्टार रजनीकांत को दिये जाने की घोषणा की गई है।इस सम्मान के अंतर्गत स्वर्ण कमल पदक, एक शॉल व 10 लाख रुपये नकद की राशि पुरस्कार के रूप में प्रदान की जाती है।

चार दशक के करियर में वैसे तो रजनीकांत को कई अन्य पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है लेकिन इस साल उन्हें प्रतिष्ठित 51वें दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने 1 अप्रैल को की है। यह पुरस्कार रजनीकांत को 3 मई 2021 को प्रदान किया जाएगा।

केंद्रीय सूचना एंव प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने गुरूवार को ट्वीट कर कहा, मुझे इस बात की बेहद खुशी हो रही है, कि भारतीय सिनेमा के इतिहास में सबसे महान अभिनेताओं में से एक रजनीकांत को 2019 का दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से नवाजा गया है। अभिनेता, निर्माता और पटकथा लेखक के रूप में उनका योगदान प्रतिष्ठित रहा है। पांच सदस्यों की ज्यूरी ने एकमत से इसकी सिफारिश की है।

सुपरस्टार को पुरस्कार प्रदान करने की घोषणा के बाद से ही वह सोशल मीडिया पर खूब ट्रैंड हो रहा है। और  बधाईयों का ताता लग गया है, लगातार उनके फैंस उन्हें सोशल मीडिया पर बधाई दे रहे है।

दादा साहेब फाल्के पुरस्कार 1969 में स्थापित भारतीय सिनेमा में सर्वोच्च सम्मान है। यह राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह सूचना और प्रसारण मंत्रालय के एक संगठन, फिल्म समारोह निदेशालय द्वारा प्रतिवर्ष प्रस्तुत किया जाता है।