दुनिया में अब कोरोना के भारतीय वैरिएंट का खौफ

पूरी दुनिया में कोरोना संक्रमण का प्रसार जारी है। टीकाकरण के बावजूद इसके थमने की रफ्तार कम नहीं हो रही है। विश्व भर में अब तक कोरोना संक्रमण के शिकार लोगों का आंकड़ा 15 करोड़ के पार पहुंच गया है। संक्रिमत लोगों में से 31.63 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है जबकि 12.82 करोड़ लोगों ने कोरोना को मात दी है। फिलहाल 1.93 करोड़ लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें 1.92 करोड़ लोगों में कोरोना के हल्के लक्षण हैं और 1.10 लाख लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। भारत में सक्रिय मरीजों का आंकड़ा 30 लाख को पार कर गया है। रोजाना रिकॉर्ड मामले दर्ज किए जा रहे हैं। लगातार सातवें दिन तीन लाख से अधिक कोरोना मरीज अकेले भारत में सामने आए।

अब दुनियाभर में कोरोना के भारतीय वैरिएंट का खतरा बढ़ गया है। कई देशों ने भारत जाने वाली उड़ानों पर रोक लगा दी है। कई देशों ने भारत की यात्रा करने और वहां पर रहने वालों को तत्काल बुलाने तक का फरमान जारी कर दिया है। कोरोना वायरस का इंडियन वैरिएंट 17 देशों में पहुंच चुका है। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन यानी डब्ल्यू्एचओ ने बताया कि दुनिया में पिछले हफ्ते कोरोना के 57 लाख मामले सामने आए। यह आंकड़े पहली पीक से कहीं ज्यादा हैं। इंडियन वैरिएंट यानी बी1.617 वैरिएंट (डबल म्यूटेशन वैरिएंट) की वजह से ही भारत में लगातार कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। डब्ल्यूएचओ ने इसे वैरिएंट ऑफ इंटरेस्ट घोषित किया है।