ज़मीनी विवाद में व्यक्ति ने दो बच्चों की हत्या की

पत्नी, बेटी गंभीर, खुद को भी लगाई फांसी लेकिन लोगों ने बचाया

उत्तराखंड में एक व्यक्ति ने ज़मीनी झगड़े के चलते अपने परिवार के सभी सदस्यों की लाठी-डंडे से बुरी तरह पिटाई कर दी जिससे उसके दो बच्चों की मौत हो गयी। उसकी पत्नी और एक बेटी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किये गए हैं। उसने खुद को भी फांसी लगा ली थी लेकिन पड़ोसियों ने उसे बचा लिया।

जानकारी के मुताबिक घटना सूबे के देहरादून जिले में डोईवाला गाँव की है। जमीनी विवाद से परेशान एक व्यक्ति ने सोमवार देर रात अपने बीवी-बच्चों को लाठी-डंडे से बुरी तरह पीट दिया। पिटाई से बुरी तरह घायल दो बच्चों की मौके पर मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल उसकी पत्नी और एक बेटी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

ख़बरों के मुताबिक इन लोगों को बुरी तरह पीटने के बाद इस व्यक्ति ने खुद को भी फांसी लगा ली। हालांकि शोर सुनने के बाद इक्कट्ठा हुए पड़ोसियों ने उसे बचा लिया।

डोईवाला कोतवाली क्षेत्र में रोही माला के नागल ज्वालापुर की बुक्सा बस्ती में रहने वाला राम सिंह दिहाड़ीदार मजदूर है। राम सिंह ने देर रात अपने परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में राम सिंह के बेटे विनय और बेटी मुस्कान की मौके पर ही मौत हो गई। उसकी पत्नी रीना और एक और बेटी भूमिका गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक जानकारी से सामने आया है कि राम सिंह काफी दिन से मानसिक रूप परेशान चल रहा था। जमीन बेचने को इसकी बजह बताया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।