55 से अधिक उम्र वाले पुलिसकर्मियों को छुट्टी पर भेजा

वैश्विक कोरोना महामारी के चलते मुंबई ने बड़ा फैसला किया है। देश में मुंबई में ही सर्वाधिक मामले दर्ज किए गए हैं। यहां पर पत्रकारों से लेकर पुलिसकर्मी भी बड़ी संख्या में संक्रमित पाए गए हैं। 55 साल से अधिक उम्र वाले कर्मचारियों को घर पर ही रहने का आदेश जारी किया गया है। इसके अलावा पुलिस कमिश्नर ने ऐसे पुलिसकर्मियों जिनकी उम्र 52 साल से अधिक है और जिन्हें शुगर, रक्तचाप, हृदय या अन्य मेडिकल संबंधी समस्याएं हैं, उनको भी घर पर रहने के निर्देश दिए हैं।
वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र में अब तक कोरोना वायरस से 20 अधिकारियों सहित कम से कम 107 पुलिसकर्मी संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से ज्यादातर पुलिसकर्मी मुंबई के हैं। कई का इलाज चल रहा है और बहुत से क्वारंटाइन पर चल रहे हैं। इनमें से ज्यादातर 50 या इससे अधिक उम्र वाले हैं। जहान के साथ जान बचाना जरूरी है, ऐसे में पुलिस कर्मियों को छुट्टी पर जाने के लिए कहा गया है।
मुंबई पुलिसकर्मियों की रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए उनमें से 20 हजार लोगों को मल्टी-विटामिन और प्रोटीन सप्लीमेंट दिए जा रहे हैं। मलेरियारोधी दवा हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन की गोलियां 12,000 कर्मियों को डॉक्टरों की देखरेख में दी जा रही हैं। पुलिसकर्मियों के लिए विशेष अस्पताल नामित किए जा रहे हैं। बता दें कि एक पुलिसकर्मी को तीन अस्पतालों ने भर्ती करने से मना कर दिया था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई थी।
बता दें कि महाराष्ट्र सरकार ने मृतक पुलिसकर्मियों के परिवारों को 50 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का एलान किया है। मुंबई के सभी कोविड अस्पतालों में पुलिसकर्मियों के लिए बेड सुरक्षित हैं। इसके अलावा, सभी पुलिसकर्मियों को पर्याप्त संख्या में सुरक्षा उपकरण मुहैया कराए जा रहे हैं।