10,000 रन बनाने वाली दूसरी महिला बल्लेबाज बनीं मिताली राज

भारतीय महिलाएं रोजना नया कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। खिलाड़ी से लेकर फाइटर पायलट तक हर जगह अपनी प्रतिभा के दम पर जांबाजी का प्रदर्शन कर रही हैं। शुक्रवार को भारतीय महिला वनडे टीम की कप्तान मिताली राज ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे में एक और कीर्तिमान अपने नाम किया। वे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 10 हजार रन पूरे करने वाली दुनिया की दूसरी और भारत की पहली महिला बल्लेबाज बन गई हैं। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में आठ शतक और 75 अर्द्धशतक लगा चुकी हैं। लखनऊ में दक्षिण अफ्रीकी टीम के खिलाफ 35 रन पूरी करते ही यह रिकॉर्ड बनाया। हालांकि भारतीय महिला टीम ने यह मैच गंवा दिया।
दिग्गज भारतीय बल्लेबाज मिताली ने अपने करियर में 46.73 की औसत से 10,001 रन पूरे कर लिए हैं। इससे पहले इंग्लैंड की पूर्व कप्तान चार्लेट एडवर्ड्स ही दुनिया की ऐसी बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 10 हजार के आंकड़े को पार किया है। चार्लेट के नाम 10,273 रन बनाए हैं। यानी मिताली उनके रिकॉर्ड तोड़ने से महज 272 रन पीछे हैं। चार्लेट 2017 में संन्यास ले चुकी हैं।
मिताली राज ने अब तक 212 वनडे में 50.53 की औसत से 6,974 रन बनाए हैं। वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली महिला क्रिकेटर भी हैं। वहीं, 89 टी-20 मैचों में उनके नाम 2,364 रन हैं। जबकि, 10 टेस्ट में मिताली ने 663 रन बनाए हैं।
मिताली वनडे और टी-20 में भारत की सबसे ज्यादा रन बनाने वाली महिला क्रिकेटर हैं। जबकि, टेस्ट में तीन क्रिकेटर ने उनसे ज्यादा रन बनाए हैं। मिताली के नाम दुनिया में सबसे ज्यादा 212 वनडे खेलने का रिकॉर्ड भी है यानी 200 वनडे खेलने वाली अकेली महिला क्रिकेटर हैं।
पुरुष और महिला दोनों वर्ग में मिताली राज सबसे लंबे वक्त (21 साल 254 दिन) तक वनडे खेलने वाली दुनिया की दूसरी क्रिकेटर भी हैं। मिताली से आगे सिर्फ भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर हैं, जिनका वनडे करियर 22 साल, 91 दिन का रहा है। मिताली ने श्रीलंका के सनथ जयसूर्या को पीछे छोड़ा है। जयसूर्या का वनडे करियर 21 साल, 184 दिन का रहा।