हिमाचल विधानसभा परिसर में खालिस्तानी झंडा मामले में एक गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मुख्य द्वार और चहारदीवारी पर रविवार को खालिस्तानी झंडा लगाने और नारे लिखने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। विशेष जांच टीम ने पंजाब के रोपड़ जिले में यह गिरफ्तारी की है।

इस मामले में एक शख्स फरार है। हिमाचल पुलिस की विशेष जांच टीम ने पंजाब में  रोपड़ जिले के मोरिंडा से हरबीर सिंह नाम का एक युवक गिरफ्तार किया है। एक युवक फरार होने में सफल रहा।

याद रहे 8 मई की सुबह हिमाचल विधानसभा परिसर के मुख्य द्वार पर खालिस्तानी झंडे बंधे पाए गए थे। बाहर की ओर से दीवारों पर खालिस्तान के नारे लिखे हुए थे।  इस घटना के बाद हड़कंप मच गया था और झंडों को हटाकर दीवारों पर तुरंत पुताई कराई गई थी।

प्रारंभिक जांच के बाद एसआईटी का गठन किया गया था। इस घटना के बाद पता चला था कि खुफिया अलर्ट मिला था कि कोई घटना हो सकती है। यह अलर्ट 26 अप्रैल को जारी किया गया था कि जिसमें सिख फॉर जस्टिस के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू ने मुख्यमंत्री जयराम को पत्र भेजकर कहा था कि शिमला में भिंडरावाला और खालिस्तान का झंडा फहराया जाएगा।

इसके बाद पुलिस ने रविवार को ही गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ गैर-कानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया था। अब एक व्यक्ति की गिरफ्तारी हुई है।