हिमाचल में मुठभेड़ : एक बदमाश की मौत

हिमाचल के धार्मिक स्थल श्रीनयना देवी के इलाके में पंजाब पुलिस और भागे बदमाशों के बीच शनिवार सुबह गोलीवारी में एक बदमाश की मौत हो गयी।  इस मुठभेड़ में दो अन्य को गिरफ्तार किया गया है।   मिली जानकारी के मुताबिक यह बदमाश पंजाब के मोहाली से गाड़ी छीनकर भागे थे। गोलीबारी में पंजाब के जवान भी घायल हुए हैं जिन्हें आनंदपुर साहिब अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

मारे गए बदमाश की पहचान सनी मसीह के तौर पर की गई है, वह गुरदासपुर का रहने वाला था। जबकि पकड़े गए दो अन्य गोल्डी और अमन पुरी बताए गए हैं। गोल्डी डेरा बाबा नानक और अमन पुरी चमकौर साहब का रहने वाला है। यह घटना श्रीनयना देवी में रेस्ट हाउस के पास की है। पुलिस अधिकारियों ने ”तहलका” को बताया कि गोलीबारी में एक बदमाश की मौत हो गई है। उनके मुताबिक इस मामले में बांछित दो और लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही बिलासपुर के एसपी अशोक शर्मा भी मौके पर पहुंच गए थे।

यह गोलीबारी पंजाब पुलिस और मोहाली से एक गाड़ी छीनकर भागे बदमाशों के बीच हुई। एक बदमाश के मारे जाने की पुष्टि पुलिस ने की है। पंजाब पुलिस को जब तीन बदमाशों के गाड़ी छीनकर भागने की सूचना मिली तो तो उसने मोहाली इलाके से उनका पीछा करना शुरू कर दिया।

बाद में आखिर पंजाब पुलिस ने श्रीनयना देवी के नजदीक उन तक पहुँचने में कामयाबी हासिल कर ली। वहां पुलिस ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की और इस दौरान उनकी तीनों बदमाशों से हाथ पाई हुई। इसी दौरान गोलियां चलने लगीं एक बदमाश की मौके पर ही मौत हो गई। यह सभी बदमाश पंजाब के रहने वाले बताए गए हैं।

बिलासपुर के एससपी अशोक कुमार ने घटना की पुष्टि की है। उनके मुताबिक इन लोगों ने एक वेरना कार उड़ा ली और हिमाचल के तरफ भागे।  जिसके बाद पंजाब पुलिस ने उनका पीछा किया और गोलीबारी में एक की मौत हो गयी जबकि दो गिरफ्तार कर लिए गए। उधर मोहाली के एसएसपी कुलदीप चहल के मुताबिक इस गोलीबारी में उनके जवान भी घायल हुए हैं जिन्हें आनंदपुर साहिब अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।