हिमाचल में भूस्खलन की चपेट में आए पर्यटक, नौ लोगों की मौत

हिमाचल के किन्नौर जिले में रविवार को भूस्खलन की चपेट में आने से नौ पर्यटकों की मोत हो गई। तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। किन्नौर जिले के बटसेरी के गुंसा के पास चट्टानें गिरने से छितकुल से सांगला की ओर आ रही पर्यटकों की गाड़ी भूस्खलन की चपेट में आ गईं। चट्टानें गिरने से नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी पर्यटक दिल्ली-एनसीआर के बताए जा रहे हैं।

बचाव अभियान जारी है। मौसम खराब होने की वजह से पहाड़ी से लगातार पत्थर गिर रहे हैं जिस कारण बचाव अभियान में दिक्कत आ रही है। सूत्रों ने बताया कि घायलों को अस्पताल लिफ्ट करने के लिए सरकार से हेलीकॉप्टर मंगवाया गया है। किन्नौर के डीसी आबिद हुसैन सादिक, एसपी एसआर राणा भी मौके पर पहुंच गए हैं।

बटसेरी के स्थानलीय लोग पुलिस के साथ बचाव अभियान में सहयोग कर रहे हैं। भूस्खलन होने से गांव के लिए बास्पा नदी पर बना पुल भी टूट गया है जिससे गांव का संपर्क कट गया है। चट्टानों की चपेट में आने से कई अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। नेशनल हाईवे 505 काजा-समदो के तहत आने वाले काजा के लारा नाले में शनिवार आधी रात को बादल फट गया। भारी बारिश के बाद नाले में बादल फटने से बाढ़ आ गई। यहां पर सड़क के दोनों ओर दर्जनों वाहन फंस गए हैं।