हिमाचल के हणोगी में पहाड़ी से मलवा गिरा, 2 चालकों की मौत, मंदिर को भी नुकसान

भारी बारिश से हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में प्रसिद्ध हणोगी माता मंदिर के पास पहाड़ गिर जाने से चंडीगढ़-मंडी-कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग-21 अवरुद्ध हो गया है। बड़ी चट्टानें सड़क पर गिरने से वहां खड़े एक वाहन और गुजर रहे एक वाहन में बैठे दो लोगों की मौत हो गयी। मंदिर परिसर को भी नुक्सान पहुंचा है।

जानकारी के मुताबिक मंडी-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग -71 पर भारी बारिश के पास पहाड़ी खिसकने से भारी चट्टानें सड़क पर आ गिरीं। यह घटना सुबह सवा 5 बजे के आसपास की है। हणोगी माता मंदिर के पास पहाड़ी खिसकने से मंदिर के सामने खड़ी एक गाड़ी टाटा 407 पर बड़ा पत्थर आ गिरा। भीतर सो रहे चालक की चट्टान के नीचे दबकर मौत हो गई। उसका शव निकाला जा रहा है।

इसके अलावा कुछ देर बाद ही पहाड़ी दोबारा दरकने से वहां से गुजर रहे एक और टाटा 407 वाहन पर भी चट्टानें आ गिरीं। इससे चालक की मौत हो गयी। यह वाहन  मंडी से कुल्लू की तरफ जा रहा था। इसके चालक की पहचान गुरमुख सिंह (बंगाणा, ऊना निवासी) के रूप मे हुई है। इस वाहन में जो दूसरे लोग बैठे थे, वे घायल हो गए हैं। उन्हें इलाज के लिए नगवाईं के अस्पताल में भर्ती किया गया है। सड़क वाहाल करने की कोशिशें की जा रही हैं।