भाजपा सांसद का शव दिल्ली स्थित आवास पर लटका मिला

हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद रामस्वरूप शर्मा बुधवार को दिल्ली स्थित अपने आवास पर संदिग्ध हालात में मृत पाए गए। फंदे से लटके सांसद को राममनोहर लोहिया अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिल्ली पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पिछले महीने ही सात बार के निर्दलीय सांसद ने मुम्बई के एक होटल में खुदकुशी कर ली थी। शर्मा के निधन के कारण आज होने वाली भाजपा संसदीय दल की बैठक को रद्द कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सांसद के एक स्टाफ ने सुबह 8.30 बजे जानकारी दी कि आरएमएल अस्पताल के पास गोमती अपार्टमेंट में भाजपा सांसद रामस्वरूप शर्मा ने आत्महत्या कर ली है। घटनास्थल पर जब अधिकारी पहुंचे तो उनका कमरा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर खोला गया को उनका शव फंदे से लटका मिला। रामस्वरूप शर्मा मंडी से दूसरी बार सांसद चुने गए थे।
फिलहाल उनकी खुदकुशी के कारण का पता नहीं चल सका है। वहीं, लोकसभा में रामस्वरूप शर्मा और मनोहर लाल सैनी को श्रद्धांजलि देने के बाद बुधवार को सदन की कार्यवाही दोपहर एक बजे तक के लिए स्थगित तक दी गई।
निर्दलीय सांसद का होटल में मिला था शव
मुंबई के एक होटल में गत 22 फरवरी को दादरा नगर हवेली के सांसद मोहन भाई सांजीभाई डेलकर का शव मिला था। मरीन ड्राइव स्थित होटल में डेलकर के शव के साथ ही गुजराती में लिखा सुसाइड नोट भी बरामद किया गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महाराष्ट्र और गुजरात से सटे केंद्रशासित प्रदेश दादरा और नागर हवेली से सात बार के लोकसभा सांसद 58 वर्षीय डेलकर ने अफसरों के प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। कई दलों ने संसद सत्र में भी डेलकर की मौत मामले की जांच कराए जाने और इसमें संलिप्त अफसरों पर कार्रवाई की मांग की है।