‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान के लोगो लॉन्च के मौके पर बोले जयराम रमेश यह पूरी तरह राजनीतिक 

कांग्रेस ने शनिवार (21 जनवरी) को अपने अगले अभियान ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ का लोगो रिलीज किया है। साथ ही केंद्र सरकार के खिलाफ एक चार्जशीट भी जारी की है।
इस अभियान के अंतर्गत कांग्रेस पार्टी ने अपनी आगामी रणनीति का खुलासा करते हुए कहा है कि, यह अभियान भारत जोड़ो यात्रा’ अभियान का ही दूसरा चरण है। और यह अभियान 100% राजनीतिक है। इस अभियान के द्वारा कांग्रेस पार्टी सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की विफलताओं को घर-घर जाकर देश की जनता को बताएगी।
केसी वेणुगोपाल ने कहा कि, “इस ऐतिहासिक कार्यक्रम ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के 130 दिनों के बाद कांग्रेस को देश की जनता से पर्याप्त इनपुट मिला है। पैदल चलते हुए लाखों लोगों ने राहुल गांधी से बात की, हम उनके दर्द को समझ सकते हैं जो वे मोदी सरकार के कुशासन के कारण झेल रहे हैं। हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ 26 जनवरी से शुरू होगा। भारत जोड़ो यात्रा का संदेश आम लोगों तक पहुंचाने के लिए ये घर-घर अभियान चलाया जाएगा। आज हमने मोदी सरकार के खिलाफ चार्जशीट जारी की है।”
पूर्व केन्द्रीय मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा की, “हाथ से हाथ जोड़ो अभियान ‘भारत जोड़ो अभियान’ का दूसरा चरण है। भारत जोड़ो अभियान में राहुल गांधी जी ने विचारधारा के आधार पर मुद्दे उठाए थे और उसका चुनाव से किसी भी प्रकार का लेना-देना नहीं था। किंतु ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान में हमारा निशाना मोदी सरकार की तमाम विफलताओं पर हैं और यह पूरी तरह से राजनीतिक अभियान है।”
साथ ही कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा है कि, ”26 जनवरी से ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान शुरू होगा। आज प्रेस वार्ता में ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान का लोगो लॉन्च किया गया। आइए, जुड़िए ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान से और भारत जोड़ो यात्रा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाइए।”
आपको बता दें, ‘हाथ से जोड़ो हाथ’ अभियान 26 जनवरी से शुरू होकर 26 मार्च तक चलेगा। इस अभियान के तहत कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से बात करेंगे और भारत जोड़ो यात्रा के संदेश को लोगों तक पहुंचाएंगे। इसके लोगो लॉन्च के मौके पर कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और वरिष्ठ नेता जयराम रमेश मौजूद रहे।