हाथरस कांड : जंतर-मंत्र पर भीम आर्मी का धरना, प्रियंका वाल्मीकि मंदिर प्रार्थना सभा में शामिल हुईं

उत्तर प्रदेश के हाथरस कांड को लेकर गुस्सा देश भर में फ़ैल गया है। कई जगह से विरोध प्रदर्शन की ख़बरें आ रही हैं। घटना और योगी सरकार के रवैया पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ही नहीं, कई अन्य प्रदेशों में भी विरोध प्रदर्शन हुए हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर पर शुक्रवार को हाथरस की घटना के विरोध में लेफ्ट और भीम आर्मी के समर्थकों ने प्रदर्शन किया, वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पीड़िता के लिए दिल्ली के वाल्मीकि मंदिर में आयोजित प्रार्थना सभा में शामिल हुईं।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर भीम आर्मी के नेता चंद्रशेखर आज़ाद ने समर्थकों सहित  प्रदर्शन किया। सीपीएम महासचिव सीताराम येचुरी और सीपीआई नेता डी राजा भी धरने में शामिल हुए। इस मौके पर सीताराम येचुरी ने कहा – ‘यूपी सरकार को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। हमारी मांग है कि न्याय दिया जाए।’ उधर भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद ने कहा – ‘मैं हाथरस का दौरा करूंगा। हमारा संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक यूपी के सीएम इस्तीफा नहीं देते, और न्याय दिया जाता है। मैं सर्वोच्च न्यायालय से घटना का संज्ञान लेने का आग्रह करता हूं।’

उधर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पीड़िता के लिए दिल्ली के वाल्मीकि मंदिर में आयोजित प्रार्थना सभा में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सभी आवाज उठाएं। प्रियंका ने कहा – ‘इस देश की एक-एक महिला सरकार पर नैतिक दबाव डाले। हमारी बहन के साथ न्याय होना चाहिए।’ लड़की का आधी रात को परिवार की मर्जी के बिना अंतिम संस्कार करने पर कांग्रेस महासचिव ने कहा कि हमारे देश की ये परंपरा नहीं है कि उसका परिवार उसकी चिता को आग नहीं दे पाए।

इस बीच हाथरस कांड और कृषि संबंधी नये कानून के विरोध में मौन व्रत पर बैठने के लिए जा रहे समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं को शुक्रवार को हजरतगंज इलाके में पुलिस ने आगे नहीं जाने दिया। जब सपा कार्यकर्ताओं ने हजरतंगज स्थित गांधी प्रतिमा तक जाने का प्रयास किया, तो उन्हें रोक दिया गया।  पार्टी नेताओं और पुलिस के बीच बहस हुई जिसके बाद सपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया।महिलाओं पर अपराधों के विरोध में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के छात्रों ने भी प्रदर्शन किया।

इधर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी को हाथरस जाने से पुलिस के रोके जाने और कथित तौर पर धक्का-मुक्की किए जाने के विरोध में पार्टी  कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास के निकट प्रदर्शन किया। कुछ देर बाद ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया, हालांकि कुछ देर बाद उन्हें छोड़ दिया गया। इसी मसले पर नाराज पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी और उनके साथी मंत्रियों ने शुक्रवार को पुडुचेरी में भूख हड़ताल की। पुडुचेरी कांग्रेस अध्यक्ष एवी सुब्रमण्यम ने भूख हड़ताल कार्यक्रम का नेतृत्व किया।