हरियाणा के बाद उत्तर प्रदेश में भी बर्ड फ्लू की पुष्टि

केरल, मध्य प्रदेश, हिमाचल, राजस्थान, गुजरात और हरियाणा के बाद अब उत्तर प्रदेश में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो गई है। उत्तर प्रदेश में कानपुर के एक प्राणी उद्यान में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। यह जानकारी शनिवार को केंद्र की ओर से दी गई।

केंद्र की ओर से बताया गया कि देश में अब तक सात राज्य एवियन इंफ्लूएंजा की चपेट में आ चुके हैं। कई राज्यों में कौवों समेत अन्य पक्षियों की मौत की खबरें आ रही हैं।

केंद्र के अनुसार, दिल्ली, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में इस बीमारी की पुष्टि होने बाकी है। इन राज्यों ने अपने यहां मृत पाए गए पक्षियों के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं और इनकी रिपोर्ट अभी नहीं आई है। इस बीच, कर्नाटक और ओडिशा सरकारों ने अपने यहां बर्ड फ्लू का कोई मामला नहीं मिलने का एलान किया है।

दिल्ली में तीन बड़े पार्क बंद
राजधानी दिल्ली में बर्ड फ्लू की आशंका में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। दिल्ली के तीन पार्कों संजय झील, द्वारका सेक्टर 9 और उत्तम नगर के हस्तसाल के पार्क को आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है। बता दें कि एक दिन पहले ही शुक्रवार को इन तीनों जगहों पर तीन दर्जन से अधिक कौवे मृत पाए गए थे। इसके साथ ही दिल्ली में गाजीपुर मंडी को अगले 10 दिन के लिए बंद कर दिया गया है। यानी इस दौरान मुर्गा मंडी पूरी तरह से बंद रहेगी साथ ही किसी भी राज्य से पक्षियों की खरीद पर रोक लगा दी गई है।