हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष रहे अशोक तंवर ‘आप’ में शामिल

हरियाणा में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष और सांसद रहे अशोक तंवर आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए हैं। किसी समय तंवर को राहुल गांधी का करीबी माना जाता था लेकिन अध्यक्ष पद से उनको हटाए जाने के बाद तंवर ममता बनर्जी की टीएमसी में शामिल हो गए थे।

पंजाब में आप की सरकार बनने के बाद उत्तर भारत के इन राज्यों में आप में जाने का सिलसिला शुरू हुआ है। अशोक तंवर के आप में शामिल होने के बाद चर्चा है कि पार्टी हरियाणा में नए सिरे से संगठन खड़ा कर सकती है।

तंवर बड़े कद के नेता कहे जा सकते हैं क्योंकि यह दलित नेता हरियाणा कांग्रेस का अध्यक्ष रह चुका है। यही नहीं वे भारतीय युवा कांग्रेस और कांग्रेस की छात्र इकाई एनयूएसआई के अध्यक्ष पद पर भी रहे हैं।

तंवर हरियाणा से लोकसभा के सदस्य भी रहे हैं। तंवर आम आदमी पार्टी में शामिल होने से पहले तक ममता बनर्जी की टीएमसी में थे। तंवर आज पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की उपस्थिति में आप में शामिल हुए।