सोनिया गांधी ने पवन बंसल को सौंपा पार्टी कोषाध्यक्ष का अंतरिम जिम्मा, सीडब्ल्यूसी ने अहमद पटेल, गोगोई को श्रद्धांजलि दी

हाल में कांग्रेस के महासचिव बनाये गए पवन कुमार बंसल को पार्टी ने शनिवार को पार्टी कोषाध्यक्ष का अतिरिक्त जिम्मा सौंपा है। बंसल पार्टी के प्रशासन विभाग के प्रमुख हैं। केंद्र में रेल मंत्री रहे बंसल को यह जिम्मा अहमद पटेल के निधन के कारण रिक्त हुए पद के कारण सौंपा गया है।

बंसल, मनमोहन सिंह सरकार में रेल मंत्री और चंडीगढ़ से सांसद रहे हैं। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शनिवार को इसकी मंजूरी दी। इससे पहले कांग्रेस की सर्वोच्च समिति सीडब्ल्यूसी की आज वर्चुअल बैठक हुई जिसमें अहमद पटेल और असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। सोनिया गांधी ने भी कांग्रेस के मुखपत्र नेशल हेराल्ड में लिखे एक लेख में पटेल के निधन को पार्टी के लिए बड़ा नुकसान बताया।

आज की बैठक में पवन बंसल को अंतरिम रूप से कोषाध्यक्ष का अतिरिक्त जिम्मा सौंपा गया है। पार्टी ने कहा कि बंसल तत्काल रूप से कोषाध्यक्ष के रूप में कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए चार्ज लेंगे। बता दें हाल में ही बंसल को महासचिव बनाने के साथ-साथ मोतीलाल वोरा की जगह पार्टी प्रशासन का प्रभारी भी बनाया गया है।

बंसल को 10 जनपथ का भरोसेमंद माना जाता है। यही नहीं बंसल अहमद पटेल की ही तरह लो प्रोफाइल रहने वाले नेता माने जाते हैं। याद रहे उनके भतीजे को रिश्वत देने के लिए रेलवे पदों को तय करने के आरोप लगने के बाद यूपीए सरकार के केबिनेट मंत्री से इस्तीफा देना पड़ा था। बंसल चार बार चंडीगढ़ से सांसद रहे हैं।