सीएम बनते ही चन्नी का किसानों के बकाया बिल माफ़ करने का ऐलान ; बोले, यह पंजाबी जनता की सरकार

पंजाब में नया मुख्यमंत्री बनाते ही कांग्रेस चुनाव मोड में आ गयी है। नए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने मुख्यमंत्री बनने के बाद अपनी पहली प्रेस कांफ्रेंस में किसानों के बकाया बिल माफ़ करने का ऐलान किया। किसानों पर फोकस रखते हुए चन्नी ने केंद्र के तीनों कृषि कानूनों को किसान विरोधी बताया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की भी तारीफ़ की और कहा कि कांग्रेस नेत्तृव ने आज गरीब पृष्ठभूमि के ऐसे व्यक्ति को मुख्यमंत्री के पद पर बिठाया है जिसके सर पर कभी छत भी नहीं होती थी।

चन्नी ने आज सुबह मुख्यमंत्री कार्यालय जाकर अपना पदभार संभाला। बाद में चन्नी ने प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया, जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के अलावा वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी उपस्थित थे। उन्होंने पंजाब में किसानों के सभी बकाया बिल माफ करने का एलान करते हुए कहा – ‘अगर किसानों और खेती करने वालों को किसी तरह की आंच भी आई तो मैं अपनी गर्दन कलम करवाने के लिए तैयार हूँगा।’

कांग्रेस सरकार के नए मुखिया ने कहा – ‘अगर किसानी टूटती है तो पंजाब टूट जाएगा। किसानी है तभी देश है। पंजाब सरकार हर तरीके से किसानों के साथ खड़ी है। हम किसानों के लिए सब कुछ देने को तैयार हैं। बिना किसी लालच के साथ हम किसानों के साथ खड़े हुए हैं। किसानी डूबी तो हिंदुस्तान डूबेगा।’ चन्नी ने मांग की कि तीनों कृषि कानून वापस लिए जाएं।

उन्होंने साफ किया कि पंजाब में अगर कोई माफिया है तो उसका फैसला जल्दी हो जाएगा। उन्होंने कहा – ‘किसी भी गरीब का कनेक्शन इस लिए नहीं कटेगा कि वो बिल नहीं भरता है। अगर कटा है तो उसके सारे बिल माफ करके उसका कनेक्शन बहाल किया जाएगा। ये पंजाब के लोगों की सरकार है, आम आदमी की सरकार है। मुझे पंजाब के लोगों के लिए बहुत सारे फैसले करने हैं।’

मुख्यमंत्री ने खुद को आम आदमी बताया और कहा – ‘मैं पंजाब आलाकमान का भी शुक्रगुजार हूँ। हमारी आलाकमान सोनिया गांधी, राहुल गांधी समेत पूरी पार्टी का धन्यवाद।’ चन्नी ने कहा कि वे कट्टर कांग्रेसी परिवार से हैं। खुद को मुख्यमंत्री बनाए जाने को चन्नी ने चमकौर साहिब की धरती की कृपा बताया। उन्होंने कहा – ‘मैं गरीबों को नुमाइंदा हूं। अब पंजाब के लोगों को आगे लेकर जाना है। कांग्रेस को मजबूत करना है।’

चन्नी ने इस मौके पर कहा कि जिसके घर में छत नहीं थी, आज वो सीएम बना है। उन्होंने कहा – ‘कांग्रेस ने एक गरीब को इतना बड़ा पद दिया है। राहुल गांधी गरीब लोगों के साथ खड़े हैं। मैं पंजाब के हर आम आदमी की तरफ से राहुल गांधी जी का और कांग्रेस का धन्यवाद करता हूं।’

इस मौके पर चन्नी ने पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की भी तारीफ़ की। चन्नी ने कहा – ‘कैप्टन अमरिंदर सिंह बहुत अच्छे इंसान है। उन्हें पानी का रखवाला भी कहते हैं। जो मुद्दे रह गए हैं, उनका समाधान निकाला जाएगा और उन्हें पूरा किया जाएगा। किसी के साथ कुछ गलत नहीं होगा। सब कुछ संविधान के मुताबिक होगा।’

चन्नी ने हड़ताल पर गए सरकारी कर्मचारियों से काम पर लौटने की अपील की और कहा कि कर्मचारियों के सभी मसले हल होंगे। कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाएगा।