सिद्धू बने रहेंगे पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष, कल होगी बड़ी घोषणा !

पंजाब कांग्रेस के बीच चल रहा संकट ख़त्म होने की खबर है। नवजोत सिंह सिद्धू का पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा पार्टी आलाकमान ने फिलहाल नामंजूर कर दिया है। वे अध्यक्ष बने रहेंगे। कल कांग्रेस आलाकमान पंजाब कांग्रेस से जुड़ा कोई बड़ा फैसला कर सकती है। सिद्धू ने आज शाम पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रभारी महासचिव हरीश रावत से मुलाकात की, जिसके बाद यह जानकारी सामने आई है। पार्टी ने हाल में पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टेन अमरिंदर सिंह को मनाने की कोशिश की थी और कल उनसे जुड़ी कोई बड़ी घोषणा हो सकती है।

सिद्धू ने बैठक के बाद कहा है कि वे आलाकमान की हर बात मानेंगे और उनका कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी पर पूरा भरोसा है। सिद्धू ने कांग्रेस आलाकमान पर पूरा भरोसा जताया है। उधर पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने आज पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टेन अमरिंदर सिंह से परिवार सहित मुलाकात की।  हाल में चन्नी के बेटे की शादी हुई है। याद रहें रहे सिद्धू ने 28 सितंबर को कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था और आज की बैठक इसी सिलसिले में थी।

‘तहलका’ की जानकारी के मुताबिक पंजाब से जुड़े मसलों पर विवाद सुलझा लिया  गया है। आलाकमान की तरफ से शुक्रवार को पंजाब को लेकर कोई बड़ा फैसला किया जा सकता है। आज शाम सिद्धू ने संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी हरीश रावत से करीब 45 मिनट गुफ्तगू की। समझा जाता है कि पार्टी अलाकमान अमरिंदर सिंह को मनाने की कोशिश कर रही थी और कल कोई बड़ी घोषणा उनसे जुड़ी हो सकती है। अमरिंदर की पत्नी परनीत कौर कांग्रेस की सांसद हैं और माना जाता है कि वे कांग्रेस छोड़ने के पक्ष में नहीं हैं।

इस बैठक के बाद सिद्धू के बाद प्रभारी हरीश रावत ने मीडिया को बताया -‘सिद्धू ने आपसे साफ़ बताया है कि वे कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का जो भी आदेश होगा, उन्हें मान्य होगा और वह उसका पालन करेंगे। आदेश बिल्कुल साफ है कि वह पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष के तौर पर अपना काम पूरी शक्ति से करें और सांगठनिक ढांचे को मजबूत करें। कल आपको इससे बड़ी सूचना विधिवत तरीके से मिल जाएगी।’

हरीश रावत ने कहा – ‘सिद्धू से कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए कहा गया है। कल तक आपको स्थिति और साफ हो जाएगी।’ उधर सिद्धू ने कहा – ‘मुझे पक्का भरोसा है कि आलाकमान पंजाब के हित में फैसला लेगा। मैंने पंजाब के प्रति, पंजाब कांग्रेस के प्रति जो भी मेरी चिंताएं थी वो पार्टी आलाकमान को बताई हैं। मुझे कांग्रेस अध्यक्ष पर, प्रियंका जी पर और राहुल जी पर पूरा भरोसा है। वे जो भी निर्णय लेंगे वो कांग्रेस और पंजाब के हित में होगा, उनके हर आदेश का पालन करूंगा।’