सना मरीन बनीं दुनिया की सबसे युवा प्रधानमंत्री

उत्तरी यूरोप के देश फिनलैंड ने 8 दिसंबर को 34 वर्षीय सना मरीन को अपना प्रधानमंत्री चुना। इसके साथ ही वे दुनिया की सबसे कम उम्र की प्रधानमंत्री बन गयी हैं। फिनलैंड की सोशल डेमोक्रेट पार्टी की ओर से चुनावी मैदान में थीं। इससे पहले वह परिवहन व संचार मंत्री थीं। उन्होंने 37 वर्षीय अपने प्रतिद्वंद्वी एंटी लिंडमेन पर 32-29 के मतों के अंतर से जीत दर्ज की। सना महिलाओं की अध्यक्षता वाली मध्य-वाम गठबन्धन की पाँच पार्टियों की अगुआई करेंगी। सना फिनलैंड की तीसरा महिला प्रधानमंत्री हैं। इन दिनों फिनलैंड राजनीतिक अस्थिरता के दौर से गुज़र रहा था। इसकी शुरुआत डाक कर्मचारियों की हड़ताल से हुई। 700 डाक कर्मचारियों की मज़दूरी में कटौती की योजना पर कई हफ्तों के राजनीतिक संकट के बाद एंटी रि‍ने ने प्रधानमंत्री पद छोड़ दिया था। हड़ताल से निपटने में नाकाम रहने पर अपना विश्‍वास खो दिया था।

मरीन ने चुनाव जीतने के बाद उम्र से जुड़े सवालों पर कहा- ‘मैंने कभी अपनी उम्र या महिला होने के बारे में नहीं सोचा। मैं कुछ कारणों से सियासत में आयी और इन चीजों के लिए हमने मतदाताओं का विश्वास जीता।’ इनके अलावा सबसे कम उम्र के राष्ट्र प्रमुखों में न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जैकिंडा आर्डेन 39 साल, यूक्रेन के प्रधानमंत्री ओलेक्सी होन्चारुक 35 साल और उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन भी 35 साल के हैं। 55 लाख की आबादी वाले फिनलैंड में पिछले हफ्ते सोशल डेमोक्रेट पार्टी के नेता एंटी रिने ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

समान लिंग वाले पार्टनर की बेटी

सना मरीन का जन्‍म 16 नवंबर, 1985 को हुआ था। 27 साल की उम्र में ही मरीन ने राजनीति में कदम रखा था और उसके बाद उन्होंने पीछे मुडक़र नहीं देखा। 2015 में सांसद चुनी गयीं। पहली बार वह 2019 में सरकार में शामिल हुईं। सरकार में वह परिवहन व संचार मंत्री बनीं।

2012 में प्रशासनिक विज्ञान में टैफ्पियर विश्‍वविद्यालय से स्‍नातक की डिग्री हासिल की।

पढ़ाई के दौरान सना की मुलाकात ली एंडरसन, मारिया ओहिसालो और कात्री कुलमुनी से हुई। ये तीनों सना की हम उम्र थीं।

इन चारों ने पढ़ाई के बाद अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुडक़र कई आंदोलनों में बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। सभी ने राजनीति में अपनी अलग पहचान बना ली। सना ने सोशल डेमोक्रेट, ली एंडरसन ने लेफ्ट अलायंस, मारिया ने ग्रीन लीग और कात्री ने सेंटर पार्टी का दामन थामा। 2017 में उन्‍हें सिटी काउंसिल में चुना गया, मरीन समान लिंग वाले पार्टनर की संतान हैं।