श्रीवास्तव दिल्ली के नए पुलिस प्रमुख

केंद्र सरकार ने एसएन श्रीवास्तव को राजधानी का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। गृह मंत्रालय का यह फैसला दिल्ली में हाल की हिंसा में ३९ लोगों की जान जाने और २०० से ज्यादा लोगों के घायल होने और बड़े पैमाने पर संपत्ति के नुक्सान के बाद आया है।
गौरतलब है कि अमूल्य पटनायक को केंद्र सरकार ने एक्सटेंशन दी हुई थी और वे कल सेवानिवृत्त हो जायेंगे। उनकी जगह एसएन श्रीवास्तव को जिम्मा सौंपा गया है। हाल के दंगों के दौरान दिल्ली पुलिस पर ढील बरतने की ढेरों आरोप लगे हैं जिससे उसकी छवि को बड़ा नुक्सान पहुंचा है। यहाँ तक कि कोर्ट का रुख भी पुलिस के प्रति सख्त दिखा है।
श्रीवास्तव शनिवार को अपना पदभार संभालेंगे। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने श्रीवास्तव की नियुक्ति को लेकर शुक्रवार को अपनी मुहर लगा दी है।
इस बीच दिल्ली हिंसा में मरने वालों की संख्या ३९ पहुँच गयी है। करीब २०० लोग घायल हैं। इनमें से बहुतों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है और अभी भी कई की हालत गंभीर बताई गयी है।
उधर राजधानी दिल्ली में अब हालत सामान्य होने लगे हैं और सड़कों की वीरानी भी कुछ कम हुई है। दुकानें भी धीरे-धीरे खुलने लगी हैं। हालांकि माहौल में अभी तनाव बना हुआ है।