श्रीलंका पहुंचे पीएम मोदी

एंथोनी चर्च में ईस्टर पर आतंकी हमले में मारे लोगों को दी श्रद्धाजंलि

पीएम नरेंद्र मोदी विदेश दौरे के दूसरे दिन मालदीव से श्रीलंका पहुंचे। मालदीव में  मोदी ने आतंकवाद पर ग्लोबल कांफ्रेंस आयोजित करने का आह्वान किया। इधर रविवार को श्रीलंका पहुंचते ही मोदी ने सेंट एंथोनी चर्च जाकर अप्रैल में ईस्टर के मौके पर हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी।
इससे पहले मालदीव से कोलंबो एयरपोर्ट पहुँचाने पर श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने उनका स्वागत किया। मोदी श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना के साथ बातचीत करेंगे। इसके बाद वह श्रीलंका के नेता प्रतिपक्ष महिंद्रा राजपक्षे और तमिल नेशनल अलायंस के नेताओं से भी मुलाकात करेंगे।
अपने विदेश दौरे के पहले दिन शनिवार को पीएम मोदी मालदीव में थे, जहां उन्होंने  भारत और मालदीव के बीच छह समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। मालदीव में प्रधानमंत्री मोदी को विदेशियों को दिए जाने वाले सर्वोच्च सम्मान ”रूल ऑफ निशान इज्जुद्दीन” से भी सम्मानित किया गया।
सम्भावना है कि आज मोदी श्रीलंका के राष्ट्रपति के साथ आतंकवाद समेत अन्य अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर बात कर सकते हैं। पिछले दिनों ईस्टर के मौके पर हुए सिलसिलेवार बम धमाकों के बाद श्रीलंका पहुंचने वाले मोदी पहले विदेशी राष्ट्राध्यक्ष हैं। हालांकि पीएम मोदी की यह तीसरी श्रीलंका यात्रा है। इससे पहले वह साल २०१५  और २०१७ में भी श्रीलंका जा चुके हैं। पीएम मोदी रविवार शाम ही भारत लौट जाएंगे। शाम पोने पांच बजे उनका तिरुपति जाने का कार्यक्रम है।