श्रीलंका गए कर्नाटक जेडीएस के ७ सदस्य लापता

अब तक २९० के मरने की खबर, इनमें पांच भारतीय भी

श्रीलंका में रविवार को ईस्टर पर हुए सीरियल बम धमाकों में मरने वाले लोगों की संख्या २९० पहुँच गयी है जिनमें ५ भारतीय हैं। इस बीच खबर है कि कर्नाटक से जेडीएस के ७ सदस्य भी इस दौरान श्रीलंका के दौरे पर थे जिनके बारे में अभी कोइ खबर नहीं मिल पाई है। सीएम कुमारस्वामी ने इसकी जानकारी दी है। अभी तक श्रीलंका में २४ लोगों को गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
अभी मृतकों को लेकर श्रीलंका सरकार के तरफ से कोइ भी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गयी है न ही यह बताया गया है कि इन ब्लास्ट्स में किसका हाथ है। श्रीलंका में कुछ महीने पहले ही राजनीतिक अस्थिरता देखी गयी थी हालांकि कोइ तीन महीने के बाद इसे सुलझा लिया गया था। अब देश में इन रहस्य भरे धमाकों को लेकर कयासों का दौर जारी है। जिन लोगों को श्रीलंका पुलिस ने अभी तक हिरासत में लिया है उनके बारे में भी जानकारी को अभी सार्वजानिक नहीं किया गया है।
गिरजाघरों और पांच-सितारा होटलों में हुए इन आत्मघाती हमलों समेत आठ  धमाकों में २९० लोगों की जान चली गयी जबकि करीब ६०० लोग घायल हो गये हैं।    धमाके में ३५ विदेशी नागरिकों की मौत हुई है जिनमें से ५ भारतीय हैं।
देश भर में कर्फ्यू लगा दिया गया था जिसे आज सुबह ६ बजे हटा लिया गया है।   श्रीलंका में हालांकि,  सोशल मीडिया पर प्रतिबंध जारी है ताकि अफवाहों पर रोक लग सके। खबर है कि सोमवार सुबह कोलंबो एयरपोर्ट पर बम मिले, जिसे एयरफोर्स ने निष्क्रिय कर दिया। अब तक २४ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता रूवन गुणशेखरा ने बताया – ”यह श्रीलंका में हुए अब तक के सबसे खतरनाक हमलों में से एक है।” रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस प्रमुख पी जयसुंदरा ने ११ अप्रैल को एक गुप्त चेतावनी शीर्ष अधिकारियों को भेजी थी जिसमें कहा गया था कि एक विदेशी खुफिया एजेंसी ने जानकारी दी है कि एनटीजे (नेशनल तोहिद जमात) गिरजाघरों और कोलंबो में भारतीय उच्चायोग पर फिदायीन हमले की योजना बना रहा है। एनटीजे श्रीलंका का कट्टरपंथी मुस्लिम संगठन है। पिछले साल बुद्ध प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने में इस संगठन का नाम सामने आया था।
श्रीलंका में भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। मदद या किसी जानकरी के लिए भारतीय नागरिक इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं –  +94777903082 +94112422788 +94112422789 जबकि श्रीलंका के नंबरों के अलावा इन भारतीय नंबरों +94777902082 +94772234176 पर भी संपर्क किया जा सकता हैं।