श्रीलंका के पीएम विक्रमसिंघे वित्त मंत्री बने, मदद की उम्मीद बढ़ी

गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका में प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे को बुधवार को वित्त मंत्रालय का जिम्मा दिया गया है। श्रीलंका के राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है।

एक सरकारी बयान के मुताबिक आज विक्रमसिंघे को राष्ट्रपति ने वित्त, आर्थिक स्थिरता और राष्ट्रीय नीति मंत्री के रूप में शपथ दिलाई है। श्रीलंका में गंभीर आर्थिक संकट के बीच देश में सरकार के खिलाफ विरोध बढ़ने के बाद हाल में प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे को इस्तीफा देने के लिए मजबूर होना पड़ा था।

पांच बार पीएम रहे रानिल विक्रमसिंघे को अनुभवी राजनेता माना जाता है। आर्थिक मामलों पर भी उनकी गहरी समझ है। निश्चित ही रानिल विक्रमसिंघे पर अब देश को  अब तक के सबसे बड़े आर्थिक संकट से बाहर निकालने की कठिन चुनौती है।

विक्रमसिंघे के पीएम बनने के बाद श्रीलंका ने आर्थिक मदद के लिए अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) से संवाद शुरू किया है और जानकारों के मुताबिक विक्रमसिंघे के वित्त मंत्री बनने के बाद अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से श्रीलंका को आर्थिक मदद मिल सकती है।