‘शोले’ के कालिया विजू खोटे का निधन

‘शोले’ फिल्म में कालिया के रोल से देश भर में लोकप्रिय हुए वरिष्ठ अभिनेता विजू खोटे का सोमवार को निधन हो गया। काफी समय से अस्वस्थ चल रहे खोटे ने अपने करियर में करीब ३०० फिल्मों में काम किया। वे हिंदी के अलावा मराठी फिल्मों के भी अभिनेता थे।

करीब ७८ साल के खोटे बॉलीवुड के वरिष्ठ अभिनेताओं में एक थे। खोटे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और सुबह अपने मुंबई के घर में उन्होंने अंतिम सांस ली। खोटे के निधन पर तमाम कलाकारों ने गहरा दुःख जताया है। उनके फैन्स ने भी सोशल मीडिया ने उनके निधन पर शोक जताया है।

गौरतलब है कि खोटे ”शोले” फिल्म में कालिया के आइकॉनिक कैरेक्टर के बाद इतने लोकप्रिय हुए कि आम जीवन में भी लोग फिल्म में गब्बर सिंह (अमज़द खान) का उन्हें लेकर कहा गया ”तेरा क्या होगा कालिया” का डायलॉग आज तक दोहराते हैं। बेशक खोटे ने मराठी और हिंदी की करीब ३०० फिल्मों में काम किया, कालिया उनका नाम ही पड़ गया।

खोटे ने १९६४ में फिल्मी दुनिया में कदम रखा और करियर में कई मराठी और हिंदी फिल्मों में काम किया। ”शोले” के अलावा उन्हें ”अंदाज अपना अपना” में भी उनके कैरेक्टर के लिए याद किया जाता है। विजू की आखिरी फिल्म ”जाने क्यों दे यारो” थी, जो पिछले साल रिलीज हुई थी।