शिवराज मंत्रिमंडल का विस्तार, ५ मंत्रियों ने शपथ ली

मध्य प्रदेश में मंगलवार को मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया है। शिवराज सिंह चौहान के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद वहां किसी भी मंत्री की शपथ नहीं हुई थी। आज वहां पांच विधायकों को मंत्री बनाया गया है। राज्यपाल लालजी टंडन ने मंत्रियों को शपथ दिलाई।

वहां मंगलवार को जिन विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली उनमें नरोत्तम मिश्रा, तुलसी राम सिलावट, कमल पटेल, गोविंद सिंह राजपूत और मीना सिंह शामिल हैं। आज के विस्तार में एक ऐसे विधायक को भी मंत्री बनाया गया है जिनपर अवैध खनन का आरोप लगा था।

मध्य प्रदेश में मार्च में लंबे समय तक राजनीतिक संकट जैसे स्थिति रही थी। विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगा। विधायकों को प्रदेश से बहार भेजा गया जिससे काफी तमाशा बना जबकि मध्य प्रदेश में कोरोना भी पाँव पसार रहा था।

कमलनाथ सरकार गिरने के बाद मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह ने बहुमत का दावा किया था जिसके बाद उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई थी। हालांकि शपथ अकेले उनकी ही हुई थी।

याद रहे कोरोना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शिवराज सिंह चौहान पर  लापरवाही बरतने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि राज्य में सिर्फ शहरी इलाकों में टेस्टिंग हो रही है। ग्रामीण इलाकों में कितनी टेस्टिंग हो रही है? उन्होंने कहा था कि मध्यप्रदेश इकलौता ऐसा राज्य है जहां एक महीने तक न तो स्वास्थ्य मंत्री था न गृह मंत्री।