शिवराज के घर कांग्रेस की सेंध

सीएम की पत्नी के भाई भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल

चुनाव से ऐन पहले मध्य प्रदेश में भाजपा को तगड़ा झटका लगा है। वहां मुख्यमंत्री के घर में ही कांग्रेस ने सेंध लगा दी है। मुख्यमंत्री शिव राज की पत्नी के भाई भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साले संजय सिंह मसानी शनिवार को भाजपा छोड़कर वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस में शामिल होते ही संजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिव राज पर कई निशाने साधे और कमलनाथ की प्रशंशा के पल बांधे। संजय ने यहाँ तक कहा कि ”अब मध्य प्रदेश की जनता को शिवराज नहीं कमलनाथ की जरूरत है”। माना जा रहा है की संजय टिकट न मिलने से भाजपा से खफा थे।

माना जा रहा है कि कांग्रेस संजय सिंह को उनकी पसंदीदा सीट से टिकट दे सकती है। भाजपा ने कल ही १७७ उम्मीदवारों के नाम घोषित किये थे। संजय सिंह बालाघाट की वारासिवनी सीट से चुनाव लड़ने के इच्छुक थे। वे इस क्षेत्र में सक्रिय भी रहे हैं और पिछले कुछ समय से जनता के बीच जाते रहे हैं। संजय सिंह कारोबारी भी हैं और उनके बॉलीवुड में भी अच्छे संपर्क माने जाते हैं।

संजय सिंह ने कांग्रेस में शामिल होने के बाद आरोप लगाया कि भाजपा में कार्यकर्ताओं को मौका नहीं दिया जा रहा। ”प्रदेश में अब नाथ (कमलनाथ) की जरूरत है। प्रदेश में कामदारों को अलग-थलग किया जा रहा और नामदारों को आगे बढ़ाया जा रहा है”।