शिमला कोर्ट परिसर में घुसा तेंदुए का शावक

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बिलासपुर मार्ग पर स्थित चक्कर में मंगलवार सुबह करीब सवा नौ बजे तेंदुए (लेपर्ड) का एक शावक डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस कोर्ट परिसर में घुस गया। इसे देखते ही वहां हड़कंप मच गया और वन भिभाग को सूचना दी गयी जिसके कर्मियों ने उसे आकर पकड़ा।
जानकारी के मुताबिक एक सुरक्षा कर्मी ने जैसे ही शावक को देखा उसने तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए के बच्चे को पकड़ लिया हालांकि उसे इसके लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस सुरक्षा कर्मी, जिसका नाम ईशांत बताया गया है, ने शावक को सुबह करीब ९ बजे पहले गुमटी के पास देखा। इसकी सूचना उसने वन विभाग की टीम को दी।
मौके पर पहुंची विभाग की टीम ने कड़ी कसरत के बाद शावक को पकड़ने में सफलता पाई। सुरक्षा गार्ड पहले तो शावक को देखकर घबरा गया। लेकिन फिर हिम्मत जुटाकर इसकी सूचना अपने इंचार्ज अमर सिंह राठौर और वन विभाग की टीम को दी। कोर्ट परिसर में शावक के घुसने की खबर से अधिवक्ताओं और लोगों में हड़कंप मच गया।
वहां शावक को देखने के लिए परिसर में काफी भीड़ जमा हो गयी जिससे वन विभाग को शावक को पकड़ने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। विभाग के लोगों ने उसे पकड़कर अपने पास रखा लिया है। उसे बाद में उचित स्थान पर छोड़ा जाएगा।