शत्रुघ्न कल आएंगे कांग्रेस में 

उर्मिला मातोंडकर शामिल हुईं, मिल सकता है टिकट

बिहारी बाबू शत्रुघ्न सिन्हा गुरूवार को कांग्रेस में शामिल हो जायेंगे। उनसे एक दिन पहले बुधवार को दिल्ली में जानी मानीं फिल्म अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर कांग्रेस में शामिल हो गईं। उन्हें मुंबई उत्तरी सीट से टिकट मिल सकता है जहाँ से गोविंदा कांग्रेस के टिकट पर जीत चुके हैं।
राहुल गांधी से मिलने के बाद उर्मिला का कांग्रेस में आने का रास्ता साफ़ हो गया। एक प्रेस कांग्रेस में रणदीप सुरजेवाला ने उनके कांग्रेस में आने की घोषणा की। मुंबई  मिलिंद देवड़ा और वरिष्ठ नेता संजय निरुपम भी इस मौके पर उपस्थित थे।
राहुल गांधी ने उर्मिला मातोंडकर को पार्टी में शामिल होने पर बधाई दी और उन्हें गुलदस्ता देकर सम्मानित किया। मातोंडकर कांग्रेस के टिकट पर उत्तरी मुंबई से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं। पिछले चुनाव में इस सीट पर संजय निरुपम बड़े  थे। पहले गोविंदा कांग्रेस टिकट पर दो बार जीत चुके हैं।
कांग्रेस में आने के बाद मातोंडकर ने कहा – ”आज के दौर में हमें ऐसा नेता चाहिए जो सबको साथ लेकर चलने वाला नेता हो। जो सबको न्याय दिलाने में यकीन करता हो।
 साधारण शब्दों में कहा जाए तो वह सबको साथ लेकर चलने वाला हो। मेरी नजर में नेता ऐसा ही होना चाहिए, यह सब कुछ राहुल गांधी में है।”
गोविंदा ने २००४ में उत्तरी मुम्बई सीट से पूर्व पेट्रोलियम मंत्री राम नाइक को पराजित किया था। हालांकि राम नाइक को वर्ष २००९ में संजय निरूपम के हाथों भी हार का सामना करना पड़ा था परन्तु २०१४ की मोदी लहार में गोपाल शेट्टी ने संजय निरूपम को पराजित कर दिया था। अब यदि उर्मिला मातोंडकर को मुंबई उत्तरी लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया जाता है तो उनका मुकाबला भाजपा के सांसद गोपाल शेट्टी से ही होगा।