व्हीलचेयर पर ममता बनर्जी का कोलकाता में रोड शो, महिलायें बड़ी संख्या में पहुंचीं देखने

ममता बनर्जी  गंभीर चोट लगने के तीन दिन बाद ही फिर मैदान में उतर गईं – इस बार व्हीलचेयर पर। कोलकाता की सड़कों पर उनके व्हील चेयर पर किये चुनावी रोड मार्च के दौरान बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े, जिनमें महिलाओं की संख्या ज्यादा दिखी। ममता ने चोट के बावजूद ललकार वाले तेवर अपनाये और कहा – ‘हम निर्भीक होकर लड़ते रहेंगे… मैं अभी भी बहुत दर्द में हूं, लेकिन मुझे अपने लोगों का दर्द और भी अधिक महसूस होता है…अपनी जमीन की रक्षा करने के लिए इस लड़ाई में हमें बहुत नुकसान हुआ है…अभी हम और पीड़ित होंगे, लेकिन हम कभी भी झुकेंगे नहीं।’
ममता बनर्जी व्हीलचेयर पर चुनावी अभियान शुरू करते हुए कोलकाता में गांधी मूर्ति पहुंचीं और यहां से हाजरा तक रोड शो दिया। ममता को व्हीलचेयर पर देखने के लिए जनता उमड़ पड़ी जिसमें अधिक संख्या महिलाओं की दिखी। ममता पर हाल के ‘हमले’ या ‘हादसे’ को देखते हुए उनके पीछे बड़ी संख्या में समर्थक भी थी साथ ही सुरक्षा भी पहले से ज्यादा। सीसीटीवी कैमरे लगाने के अलावा पुलिस बल का भी बंदोबस्त किया गया था। पहले ममता के सभा को संबोधित करने की चर्चा थी लेकिन ममता ने रोड शो करके सभी को हैरानी में दिया डाल दिया।
व्हीलचेयर पर अपने रोड शी से पहले ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक ट्वीट में कहा – ‘हम निर्भीक होकर लड़ते रहेंगे। मैं अभी भी बहुत दर्द में हूं, लेकिन मुझे अपने लोगों का दर्द और भी अधिक महसूस होता है। अपनी जमीन की रक्षा करने के लिए इस लड़ाई में हमें बहुत नुकसान हुआ है। अभी हम और पीड़ित होंगे, लेकिन हम कभी भी झुकेंगे नहीं।’
ममता बनर्जी ने आज ही नंदीग्राम में 2007 में पुलिस की गोलीबारी में जान गंवाने वाले  आंदोलनकारी किसानों को भी श्रद्धांजलि दी। ममता ने एक ट्वीट में कहा – ‘2007 में आज के ही दिन बेगुनाह ग्रामीणों को नंदीग्राम में गोलीबारी कर मार दिया गया था। कई लोगों के शव मिल भी नहीं सके। यह राज्य के इतिहास का काला अध्याय था।  जान गंवाने वालों को दिल से श्रद्धांजलि।’
ममता ने कहा – ‘मैंने शहीदों के सम्मान में इस निर्वाचन क्षेत्र में बंगाल विरोधी ताकतों से लड़ने का फैसला किया है। किसान पश्चिम बंगाल का गौरव हैं और प्रदेश सरकार उनके विकास के लिए अथक काम कर रही है।’ बता दें नंदीग्राम में टीएमसी से भाजपा में जाने वाले अपने पूर्व सहयोगी सुवेंदु अधिकारी, जिन्हें भाजपा ने मैदान में उतारा है, के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं।
याद रहे ममता बनर्जी को 10 मार्च को नंदीग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान गंभीर चोट लग गयी थी जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। शुक्रवार को उन्हें छुट्टी मिल गई थी जिसके बाद अब ममता ने आज रोड शो किया है। ममता के सोमवार को पुरुलिया जिले का दौरा करने की संभावना है।