विहिप के पूर्व अध्यक्ष डालमिया का निधन

विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अध्यक्ष विष्णु हरि डालमिया (९१) का बुधवार को निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थे। डालमिया की अंत्येष्टि आज शाम निगमबोध घाट पर की जाएगी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक डालमिया १९७९ में विश्व हिंदू परिषद से जुड़े थे और इसके उपाध्यक्ष और कार्याध्यक्ष के बाद साल २००५ तक अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। डालमिया को २२ दिसम्बर की सुबह अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनको गंभीर हालत की वजह से आईसीयू में रखा गया।

अपोलो अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक डालमिया को ऑक्सीजन की कमी हो जाने के कारण फेफड़ों से कफ निकालने में अक्षमता जैसी गंभीर समस्याएं थीं। विष्णु हरि डालमिया अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए विश्व हिंदू परिषद के ९० के दशक में चलाए गए राम मंदिर आन्दोलन के अगुआ नेता थे। छह दिसम्बर, १९९२ को बाबरी ढांचा ढहाए जाने के मामले में उनको भी सह-अभियुक्त बनाया गया था।

परिषद् के अलावा कई हिन्दू संगठनों ने डालमिया के निधन पर दुःख जताते हुए उन्हें हिन्दू अस्मिता आंदोलन से जुड़ा एक बड़ा नेता बताया और कहा कि उनके निधन से इस आंदोलन को अपूर्णीय क्षति हुई है।