विस चुनावों के लिए भाजपा प्रभारी घोषित

यादव महाराष्ट्र, जावेड़कर दिल्ली, तोमर को हरियाणा का जिम्मा

जम्मू काश्मीर में धारा ३७० ख़त्म करने के अपने चुनावी वादे को पूरा करने के बाद भाजपा अब आने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गयी है। शुक्रवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने चुनाव वाले राज्यों के लिए पार्टी प्रभारियों के नामों का ऐलान कर दिया।

गौरतलब है कि दिल्ली, हरियाणा, झारखंड और महाराष्ट्र में अगले कुछ महीनों में   विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा ने इन चारों राज्यों में के लिए चुनाव प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं।

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने महाराष्ट्र में भूपेंद्र यादव को चुनाव प्रभारी बनाया है और केशव प्रसाद मौर्य और लक्ष्मण सवदी को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।

उधर केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को दिल्ली का चुनाव प्रभारी बनाया है वहीं केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और नित्यानंद राय को चुनाव सह प्रभारी भी बनाया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू को प्रदेश संगठन प्रभारी और राष्ट्रीय सचिव तरुण चुघ को सह प्रभारी बनाया गया है।

 हरियाणा के लिए नरेंद्र सिंह तोमर को चुनाव प्रभारी बनाया गया है, वहीं भूपेंद्र सिंह को सह प्रभारी बनाया गया है। झारखंड की जिम्मेदारी ओम प्रकाश माथुर को दी गई है, वहीं नंद किशोर यादव को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।