विशाखापत्तनम फैक्टरी गैस लीक में २ की मौत, एक गंभीर

आंध्र प्रदेश की राजधानी विशाखापत्तनम में एक फैक्टरी में गैस लीक से दो कामगारों  की मौत हो गयी है, जबकि चार लोग घायल हुए हैं जिनमें एक की हालत गंभीर है।

जानकारी के मुतबिक इस फैक्टरी, सैनॉर लाइफ साइंसेज प्रा लि में सोमवार रात यह  हादसा हुआ। गैस लीक होने की वजह से दो कर्मचारियों की मौत हो गई और चार कर्मचारी अस्पताल में इलाज करवा रहे हैं। उन्हें किंग जॉर्ज अस्पताल में भर्ती किया गया है। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई गयी है।

सैनॉर लिमिटेड में बेन्जीमिडेजोल गैस का रिसाव सोमवार-मंगलवार की मध्य रात्रि तब हुआ जब वहां करीब ३० लोग काम कर रहे थे। गैस रिसाव होते ही छह लोग अचेत हो  गए जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, इनमें से दो की मौत हो गयी और एक गंभीर है। अच्छा यह हुआ कि गैस फ़ैली नहीं, जिससे बड़ा नुक्सान होने से बच गया।

सीएम जगन मोहन रेड्डी ने घटना की जानकारी मांगी है। उनके मुताबिक स्थिति जल्दी ही नियंत्रण में कर ली गयी। याद रहे मई में भी विशाखापत्तनम के ही एलजी पॉलीमर्स प्लांट से रासायनिक गैस लीक होने की घटना में १२ लोगों की जान चली गयी थी, जबकि ३०० से ज्यादा लोग प्रभावित हुए थे।