वायरल वीडियो में लड़की को पीटने वाला युवक हुआ गिरफ्तार

एक वायरल विडियो, जिसमें एक पुलिसवाले का बेटा एक लड़की पर दरिंदे की तरह लात-घूंसे बरसा रहा है, ने गृह मंत्री राजनाथ सिंह को एक्शन लेने पर मजबूर कर दिया।

राजनाथ सिंह ने इस वीडियो को देखते ही दिल्ली के पुलिस कमिश्नर को फोन किया। जिसके बाद तिलक नगर थाने की पुलिस ने आरोपी लड़के को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।

इससे पहले लड़की के शिकायत पर भी पुलिस ने 11 सिंतबर को भी इसे हिरासत में लिया था। लेकिन इतनी हल्की धाराएं लगाई गईं थी कि अगले ही दिन वह बाहर आ गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक़ वेस्ट दिल्ली के दो थानों में दो लड़कियों ने रोहित तोमर नाम के इस लड़के पर FIR दर्ज कराई हैं।

रोहित को जिस विडियो में लड़की को बुरी तरह पीटते दिखाया गया है, उसमें पीड़िता ने उत्तम नगर थाने में रेप, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कराया है।

दूसरा मामला तिलक नगर में दर्ज हुआ है, जहां दूसरी लड़की ने छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी का केस दर्ज कराया है।

पुलिस के अनुसार रोहित ने पहली लड़की के साथ 2 सितंबर को रेप किया और उसे पीटते हुए अपने दोस्त से विडियो बनवाया।

विडियो को बनाने के बाद रोहित ने इसे दूसरी लड़की को वॉट्सऐप पर भेजा और धमकी दी कि अगर उसने दोस्ती तोड़ी तो उसका भी यही हाल होगा। सूत्रों के मुताबिक़ उसने तेजाब डालने, न्यूड फोटो वायरल करने की भी धमकी दी थी।

बता दें कि रोहित के पिता नारकोटिक्स में असिस्टेट सब इंस्पेक्टर हैं जिनके नाम की वो धौंस देता था। दिल्ली पुलिस के मुताबिक़ पिता को भी गिरफ्तार किया जाएगा।