वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ की हालत गंभीर, आईसीयू में भर्ती

जाने-माने पत्रकार विनोद दुआ की हालत गंभीर है। उनकी बेटी ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट में इसकी जानकारी दी है। इसके मुताबिक दुआ आईसीयू में हैं और उनकी हालत गंभीर है।

याद रहे कुछ महीने पहले विनोद दुआ पर राजद्रोह का केस दर्ज हुआ था। दुआ पर आरोप लगाया गया था कि यूट्यूब चैनल पर उनके पोस्ट किए वीडियो से लोगों की  भावनाएं भड़कने का डर था। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट से उन्हें इस मामले में राहत देते हुए उनके खिलाफ दर्ज मामले को निरस्त कर दिया था। अब विनोद दुआ की कलाकार बेटी मलाइका दुआ ने इंस्टाग्राम पोस्ट में पिता की हालत गंभीर होने की जानकारी दी है।

वरिष्ठ पत्रकार विनोद शर्मा ने भी उनकी पोस्ट को रीट्वीट किया है। इस पोस्ट में मलाइका ने लिखा है – ‘मेरे पिता की हालत काफी गंभीर है और वह आईसीयू में हैं।  अप्रैल के बाद से ही उनकी सेहत लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने एक असाधारण जीवन जिया है और हमें वही दिया है। उन्हें दर्द नहीं होना चाहिए। सब उन्हें बहुत प्यार करते हैं और मैं आप सबसे गुजारिश करती हूं कि दुआ करें कि उन्हें कम से कम तकलीफ हो।’

याद रहे कोविड की दूसरी लहर के दौरान विनोद दुआ और उनकी पत्नी चिन्ना दुआ संक्रमित हो गए थे। चिन्ना दुआ (पद्मावती) की 7 जून को कोविड से जान चली गयी थी। बता दें चिन्ना रेडियोलॉजिस्ट थीं और उन्हें संक्रमित होने पर गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था।