लोकसभा में मोदी ने ‘शेर’ से किया कांग्रेस पर हमला

modi congress pix

बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोक सभा और राज्य सभा दोनों में बोले। आज का दिन शेर-ओ-शायरी और कांग्रेस पर उनके हमले का दिन था। लोक सभा में प्रधानमंत्री ने कहा – ”दुश्मनी जम कर करो लेकिन ये गुंजाइश रहे, जब कभी हम दोस्त हो जाएं तो शर्मिंदा न हों”। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में धन्यवाद भाषण दिया। बाद में
मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री को याद करते हुए उनकी कविता की यह पंक्ति भी पढ़ी – ‘छोटे मन से कोई बड़ा नहीं होता और टूटे मन से कोई खड़ा नहीं होता।’ शेर-ओ-शायरी के साथ मोदी ने विपक्षी कांग्रेस, बल्कि यों कहिये गांधी परिवार, पर जोरदार हमला बोला। कहा – आपने (कांग्रेस) पूरा समय एक परिवार के गीत गाने में लगा दिया। एक ही परिवार को देश याद रखे इसी में सारी ऊर्जा लगा दी। अगर नीयत साफ होती तो ये देश जहाँ है, उससे कहीं आगे होता।”
मोदी के धन्यवाद भाषण के बीच विपक्ष के सदस्यों ने नारेबाजी की। विपक्षी सदस्यों ने सदन में “झूठे भाषण बंद करो, झूठे आश्वसान बंद करो” के नारे भी लगाए। लोक सभा में शायरी कांग्रेस के संसदीय दल के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी की। मोदी ने विपक्ष के जोरदार हंगामे के बीच बोलना शुरू किया। विपक्ष का आरोप था उसकी आवाज को दबाया जा रहा है। खड़गे ने बशीर बद्र का शेर पढ़ा था । जवाब में मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा – ”जी बहुत चाहता है सच बोलें, क्या करें हौसला नहीं होता”। मोदी बोले, ” कांग्रेस अपने गीत गाती है और आंख बंद करके रहती है।” राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के पूर्व ही विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया।

दिलचस्प बात यह है कि भाजपा की गठबंधन सहयोगी तेलगु देशम पार्टी ने सदन में सरकार को तेवर दिखाए। कुछ रोज पहले भी टीडीपी ने एनडीए से बाहर जाने की धमकी दी थी लेकिन बाद में अपना फैसला बदल दिया था। टीडीपी ने विपक्ष के साथ लोकसभा में हंगामा किया। पीएम  मोदी ने कांग्रेस पर देश के विभाजन कराने का आरोप लगाया। पीए मोदी ने कहा कि कांग्रेस अपने शासन का बखान करती है। पीएम मोदी ने कहा, “आपने भारत मां के टुकड़े कर दिए, फिर भी देश आपके साथ रहा। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर आंध्र प्रदेश की अनदेखी कर तेलंगाना बनाने का भी आरोप लगाया।
मोदी ने कहा कि “ये नरेन्द्र मोदी लाल किला  से कहता है कि देश आज जहां है उसमें पिछली सारी सरकारों का योगदान है, ऐसा कभी  कांग्रेस नेता ने कभी नहीं कहा। उन्होंने कहा कि आपकी तरफ से ही आशंका थी की मोदी आधार को खत्म कर देगा, पर जब आधार अच्छे ढंग से लागू हो गया, गरीब को उसका फायदा मिलने लगा।  तो आपको उसमें खामियां क्यों नजर आने लगीं हैं।  उन्होंने यह भी कहा कि हमारी सरकार सिर्फ अखबार की सुर्खियों के लिए घोषणा नहीं की, हमने जो कहा वो करके दिखाया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार के आखिरी 3 साल में करीब 1100 किमी नई रेल लाइन बनी, हमारी सरकार के शुरुआती 3 साल में 2100 किमी का निर्माण हुआ। कहा कि ‘हम देश में बंद पड़े प्लांट्स को दोबारा खोल रहें हैं। बेरोजगारी के सवालों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा पूरे देश का होता है। जब बेरोजगारी का आंकड़ा दिया जाता है तो देश का लेकिन रोजगारी का आंकड़ा राज्य के आधार पर दिया जाता है। राज्य सरकारों द्वारा दिए गए आकड़ों कि मानें तो करीब 1 करोड़ लोगों को रोजगार मिला है, और यह आंकड़ा गैर-एनडीए राज्य सरकारों ने दिया है। सिर्फ बंगाल, कर्नाटक, ओडिशा, केरल में ही एक करोड़ रोजगार मिला है। पीएम ने कहा किआज  माध्यम वर्गी परिवार का नौजवान नौकरी के लिए भीख नहीं मांग रहा है। बल्कि युवा स्टार्टअप की तैयारी कर रहे हैं, हम उनकी मदद कर रहे हैं।
उन्होंने ने बताया कि सरकार ने पीएम मुद्रा योजना के तहत 10 करोड़ लोगों लोन दिया गया। मोदी ने तंज कसा कि रेलवे प्लेटफॉर्म पर एक ट्रेन आ रही थी, उसके आगे में लिखा था 21वीं सदी। प्लेटफॉर्म पर मौजूद सारे युवा दौड़ लगाने लगे, वहीं प्लेटफार्म पर मौजूद एक बुजुर्ग ने कहा क्यो दौड़ लगा रहे हो, 21वीं सदी लिखी ट्रेन खुद ही अपने पास आ जाएगी।
सदन में अपनी उपलब्धिया गिनवाते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ‘हमने इस साल 900 हवाई जहाज खरीदने का ऑर्डर दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि ‘हमने 4 करोड़ गरीबों को मुफ्त बिजली देने की योजना बनाई, जिसे पूरा किया है। कांग्रेस राज में देश की बड़ी आबादी 18वीं शताब्दी में रहने को मजबूर थी। मोदी ने कहा कि कांग्रेस का मंत्र है लूटो और देश को लूटो। पीएम ने बताया कि विश्व में आज भारत का सम्मान बढ़ा है।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह (गांधी) विदेशों में देश की छवि खराब करते हैं। उन्होंने कहा कि जब देश डोकलाम के लिए बॉर्डर पर लड़ रहा था तब आप चीन में जाके लोगों से मिल रहे थे। लोकसभा में पीएम मोदी ने कहा कि देश कांग्रेस को एनपीए के पाप के लिए माफ नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की वजह से देश को नुकसान हुआ है।  कीचड़ उछालने की राजनीति चल रही है। जितना कीचड़ उछालोगे कमल उतना ही खिलेगा।
मोदी ने कांग्रेस और नेहरू-गांधी परिवार पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने गांधी-नेहरू परिवार की तीन पीढ़ियों को निशाने पर लिया। पीएम ने कहा कि, कांग्रेस के मुंह पर लोकतंत्र शोभा नहीं देता और उन्हें भाजपा को लोकतंत्र का पाठ नहीं पढ़ाना चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि, कांग्रेस ने मां भारती के टुकड़े कर दिए, इसके बावजूद ये देश आपके साथ रहा, आप उस जमीन और देश में राज कर रहे थे जिस समय विपक्ष न के बराबर था। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, जब डोकलाम विवाद चल रहा था, तब आप चीन से बात कर रहे थे। भारत का विदेशों में मान सम्मान बढ़ा है, आप विदेशों में जाकर देश का अपमान करते हैं। सर्जिकल स्ट्राइक पर आप सवालिया निशान खड़ा करते हो। पीएम बोले, हिट और रन की राजनीति चल रही है, कीचड़ उछालो और भागो। लेकिन जितना कीचड़ उछालोगे, कमल उतना ही खिलेगा। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी पर मोदी ने  हमला करते हुए कहा,’श्रीमान राजीव जी ने खुलेआम दलित मुख्यमंत्री को अपमानित किया था। ये तेलगुदेशम पार्टी, ये एनटी रामाराव उस अपमान की आग में से पैदा हुए थे। रामाराव को उस अपमान का बदला लेने के लिए अपना फिल्म करियर छोड़कर राजनीति में आना पड़ा था। इस देश में 90 से अधिक बार अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग करते हुए राज्यों में उभरती पार्टियों को फेंक दिया गया। कहा कि सरदार पटेल के साथ अन्याय किया गया। अगर देश के पहले पीएम पटेल होते तो कश्मीर पूरा हमारा होता।

 

 राफेल पर राहुल के सवाल 

लोक सभा में प्रधानमंत्री के हमले के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सदन से बाहर मोदी पर कई सवाल दागे । उन्होंने कहा – देश आपसे सवाल करता है और आपको देश का पीएम होने के नाते सभी सवालों का जवाब देना चाहिए। राहुल ने पूछा कि क्या आपने पेरिस जाकर खुद राफेल डील बदली है? फिर पूछा क्या आपने सुरक्षा मामलों में केबिनेट से मंजूरी ली? राहुल ने यह भी पूछा कि राफेल डील का सौदा कितने में किया, यह देश आपसे जानना चाहता है। कहा कि यह बहुत सीधे सवाल हैं और आपको देश को बताना चाहिए। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पीएम मोदी ने लोकसभा में एक घंटे तक भाषण दिया लेकिन उन्होंने एक भी बार किसानों या बेरोजगारों पर बात नहीं की। जबकि उन्होंने पीएम बनने से पहले हर भाषण में युवाओं को दो करोड़ रोजगार देने की बात कही थी। उन्होंने किसानों की फसल का सही दाम देने की बात कही थी। सुरक्षा देने की बात की थी, लेकिन आज ये सब मुद्दे गायब हैं। राहुल ने कहा कि किसानों और बेरोजगारों को भाजपा सरकार ने ”बंबू” दे दिया है। वह अपने भाषण में सिर्फ कांग्रेस और कांग्रेस नेताओं की बात करते हैं। वायु सेना हमारे देश की रीढ़ की हड्डी है। लेकिन इस डील को देश से छिपाया जा रहा है। पीएम मोदी पिछले 70 सालों की बात करते हैं लेकिन आज देश की क्या स्थिति है इस पर बात नहीं होती है। देश का किसान और युवा क्या कर रहा है इस पर कभी बात नहीं करते हैं।