लुधियाना जेल में गोलीबारी, एक की मौत

कई कैदी और पुलिस वाले घायल, गोलीबारी अभी जारी

पंजाब में लुधियाना की सेंट्रल जेल में गोलीबारी की खबर है। जानकारी के मुताबिक जेल में दो गुटों के बीच झगड़ा हो गया जो बाद में गोलीबारी में तब्दील हो गया। कमसे कम एक व्यक्ति की इस गोलीबारी में मौत हो गयी है।
”तहलका” को मिली जानकारी के मुताबिक झगड़ा कैदियों और पुलिस के बीच हुआ जिसमें एक की मौत हो गई है। गुरूवार को देर रात भी जेल के भीतर विवाद हुआ था। आज यह विवाद खूनी जंग में तब्दील हो गया। जेल के अंदर फायरिंग हुई है। कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। फायरिंग में संदीप सूद की मौत हुई है।
पता चला है कि बुधवार रात जेल में सन्नी नाम के कैदी की मौत हो गई। इसके बाद वहां कैद अपराधियों ने पुलिस पर हमला कर दिया। उनका आरोप था कि सन्नी को पुलिस ने मारा है। जेल में मौजूद १५० के करीब अपराधी पुलिस के साथ भिड़ गए। जिसके हाथ में जो आया, उसी के साथ एक-दूसरे पर पिल पड़ा।
जानकारी के मुताबिक पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए फायरिंग की। रह-रहकर गोलियों की आवाज जेल के भीतर से सुनी जा रही है। एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है। कई कैदी और कई पुलिस वाले इस टकराव में घायल हुए हैं।