लालू यादव को झारखंड हाई कोर्ट से जमानत, अभी एम्स में हैं भर्ती

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को झारखंड हाई कोर्ट से जमानत मिल गयी है। अदालत ने शनिवार को उन्हें यह जमानत दी। लालू आजकल दिल्ली एम्स में इलाज के लिए भर्ती हैं।
लालू को झारखंड हाई कोर्ट ने उनके खिलाफ दुमका कोषागार से तीन करोड़ रुपए से ज्यादा की अवैध निकासी के मामले में जमानत दी है। चारा घोटाला से जुड़े मामलों में लम्बे समय से जेल की सजा काट रहे आरजेडी नेता लालू प्रसाद यादव अस्पताल से बाहर आएंगे या नहीं, इसकी जानकारी नहीं है। बता दें दुमका कोषागार गबन मामले को लेकर इससे पहले भी लालू की जमानत पर कई बार सुनवाई हुई है।
याद रहे चारा घोटाले के मामले में दुमका कोषागार से 3.13 करोड़ रुपए की अवैध निकासी के केस में हाईकोर्ट ने लालू यादव को यह जमानत दी है। झारखंड हाईकोर्ट में शनिवार को जस्टिस अपरेश सिंह की अदालत ने दुमका कोषागार मामले में सुनवाई को बाद आरजेडी प्रमुख को जमानत देने का फैसला सुनाया। बता दें दुमका कोषागार से तीन करोड़ रुपए से ज्यादा की अवैध निकासी मामले से पहले लालू यादव को चाईबासा और देवघर मामलों में पहले ही जमानत दी जा चुकी है।
लालू इस समय दिल्ली एम्स में भर्ती हैं। उन्हें रांची जेल से एम्स दिल्ली में इलाज के लिए भर्ती किया गया था। अभी उनका वास्थ्य उतना बेहतर नहीं बताया जाता है लिहाजा यह कहना मुश्किल है कि जमानत मिलने के बावजूद वे अस्पताल से बाहर आएंगे या नहीं।