रूस ने यूक्रेन के दो शहरों में युद्धविराम की घोषणा की, गोलीबारी बंद रहेगी

रूस के यूक्रेन पर हमले के 10 दिन हो चुके हैं और आज (शनिवार) रूस ने यूक्रेन के मारियुपोल और वोल्नोवाखा शहरों के लिए युद्ध विराम (सीजफायर) की घोषणा की है। रूस ने कहा है कि वह इन दोनों प्रांतों से मानवीय गलियारा उपलब्ध कराएगा और उस दौरान गोलीबारी बंद रहेगी। इस बीच भारत के विदेश मंत्रालय ने युद्धग्रस्त यूक्रेनी शहर सुमी में फंसे भारतीय छात्रों के इमरजेंसी संदेश वाले वीडियो आने के बाद उन्हें घरों के भीतर ही रहने की सलाह दी है।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि स्थानीय (मास्को) समय अनुसार 10 बजे नागरिकों की सुरक्षित निकासी के लिए काम शुरू होगा।
रूस ने नागरिकों से शहर छोड़ने की अपील की है।

उधर यूरोपीय संघ ने रूस और बेलारूस को काउंसिल आफ बाल्टिक सी स्टेटस से निलंबित कर दिया है। यूरोपीय संघ ने कहा कि रूस और बेलारूस को इसकी  गतिविधियों से बाहर कर दिया गया है।

इस बीच सिंगापुर ने रूस पर आर्थिक प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। सिंगापुर के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को कहा – ‘सिंगापुर ने रूसी सेंट्रल बैंक और कुछ अन्य रूसी बैंकों पर प्रतिबंध लगाए हैं। साथ ही यूक्रेन में रूसी सैन्य अभियान को लेकर देश को निर्यात पर भी प्रतिबंध लगाया है।’

भारत की बात करें तो भारतीय वायुसेना के तीन सी-17 हैवी लिफ्ट एयरक्राफ्ट ने आज सुबह हिंडन एयरबेस में उतरे। इन उड़ानों ने रोमानिया, स्लोवाकिया और पोलैंड से 629 भारतीय नागरिकों को बाहर निकाला है।