रूस के स्कूल में गोलीबारी की घटना में पांच छात्रों सहित नौ लोगों की मौत

रूस के एक स्कूल में हुई गोलीबारी में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई है। खुद रूस के अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी है। इनमें पांच बच्चे शामिल हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक रूस के गृह मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि गोलीबारी में करीब 20 घायल हुए हैं। यह घटना रूस के ईज़ेफ्सक की है। गोलीबारी करने वाले व्यक्ति की भी मौत हो गयी है और उसका शव पुलिस ने बरामद कर लिया है।

रूस के गृह मंत्रालय ने कहा कि उसे मिली रिपोर्ट्स के अनुसार ऐसा लगता है कि उसने (हमलावर) ने आत्महत्या की है। गृह मंत्रालय ने एक टेलीग्राम चैनल पर यह जानकारी साझा की। इलाके के गवर्नर अलेक्जेंडर ने पुष्टि की है कि हताहतों में बच्चे भी शामिल हैं।

रूस में जांचकर्ता एजेंसी ने बताया कि इस अपराध के कारण नौ लोगों की मौत हुई है। इनमें स्कूल के दो सुरक्षा गार्ड और दो शिक्षक और 5 बच्चे शामिल हैं। रूस में इन दिनों यूक्रेन युद्ध के कारण माहौल तनावपूर्ण है।